Kanpur Accident : अनियंत्रित ट्रक गुमटी में घुसा, हादसे में युवक की मौत व तीन घायल, ड्राइवर और हेल्पर गिरफ्तार
Kanpur Accident कानपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत से परिजनों में मचा कोहराम।
Kanpur Accident कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर ट्रक गुमटी में घुस गया। हादसे में युवक की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया है।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Accident रावतपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर चाय की गुमटी में जा घुसा। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि भाई समेत तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
नमक फैक्ट्री चौराहे पर रहने वाले अजय कुमार शनेश्वर चौराहे के पास श्रेय हास्पिटल के सामने चाय और पान मसाला की दुकान लगाते हैं। शनिवार सुबह ब्रह्मदेव मसवानपुर निवासी आनंद अपने भाई विपिन के साथ मसाला लेने के लिए आए थे। वहीं, हमीरपुर के मौदहा निवासी उमर गुल के चाचा कमालुद्दीन भी चाय पी रहे थे।
इस दौरान नमक फैक्ट्री की ओर से सीमेंट लदे तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर गुमटी में घुस गया। हादसे में आनंद की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि उसका भाई विपिन चाय विक्रेता अजय और कमालुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। आनंद की मौत की खबर मिलते ही पत्नी शिवानी, बेटे कार्तिक और छोटे का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
इस दौरान श्रेय हास्पिटल के बाहर खड़ी तीमारदारों की तीन बाईकें भी चपेट में आने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रावतपुर थाना प्रभारी संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि ट्रक ड्राइवर और हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
