कानपुर जिला जेल पहुंचे सपा के पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav बोले- Irfan Solanki बेकसूर है, साजिश और षडयंत्र करके फंसाया
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कानपुर जिला जेल पहुंचे है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कानपुर जिला जेल पहुंचे है। यहां वह आगजनी के मामले में जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी और रिजवान सोलंकी से मुलाकात कर रहे है। उन्होंने कहा कि इरफान सोलंकी बेकसूर है, उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर जिला जेल में बंद आगजनी के आरोप में सपा विधायक इरफान सोलंकी से मिलने के लिए सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पहुंचे। जहां वह जेल में कई दिनों से बंद सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी से मुलाकात कर रहे है।
सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्लाट पर आगजनी औैर फर्जी आधार कार्ड से हवाई यात्रा करने के मामले में 17 दिनों से कानपुर जेल में बंद सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी व भाई रिजवान सोलंकी से करीब चालीस मिनट मुलाकात की। बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की।

पूर्व सीएम ने कहा कि उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाया गया है वह बेकसूर है। जमीन के मसले होते हैं, मैं कभी-कभी इस बात को नहीं समझ पाता हूं, कि तीन बार समाजवादी सरकार रही। अगर वो गलत काम करना चाहते तो सरकार में रहते कर सकते थे।
लेकिन आखिरकार कौन सी ताकत है, कौन सी साजिश है, जिसके तहत उनको सामना करना पड़ रहा है जेल जाने का। उन्होने कहा कि एक मुकदमे के बाद दूसरा मुकदमा और फिर तीसरा जिससे वह जेल से बाहर न आ पाएं। मैं आपके सामने बड़ी ही जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं, कि यह भारतीय जनता पार्टी की सोची समझी रणनीति औैर साजिश है, कि समाजवादी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता झूठे मुकदमे में फंसाए जाएं और उन्हें जेल भेजा जाए। उनका लक्ष्य है आने वाला चुनाव। क्योंकि वो जानते हैं, कि जनता चरमसीमा पर महंगाई की मार और बेरोजगारी से त्रस्त है।

समाजवादी पार्टी के विधायक को जेल भेजा जा रहा है, तो न्याय मिल पाना भी मुश्किल है। कन्नौज में जो हत्या हुई वो अधिकारियों ने कराई। हत्या में बीजेपी का विधायक शामिल था। कहा कि इरफान के लिए तो सीडीआर आदि निकाल रहे हैं, कन्नौज के विधायक की सीडीआर क्यों नहीं निकलवाई गई।
याद करिए शालीग्राम में जो दंगा कराया था वो बीजेपी विधायक ने कराया था। बीजेपी के लोग कुछ भी कर सकते हैं, वो कोई भी कानून तोड़ सकते हैं। विधायक इरफान के खिलाफ साजिश और षडयंत्र है। कुछ अधिकारी हैं, जो मनमानी कर रहे हैं, वो यह न भूलें कि समय बदलता है।
