Kanpur News : दो हजार से ज्यादा जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह, प्रशासन लक्ष्य बढ़ाने की तैयारी में, जनवरी और फरवरी में होंगी शादियां
Kanpur News कानपुर में जनवरी और फरवरी में होंगी शादियां।
Kanpur News कानपुर में दो हजार से ज्यादा जोड़ों का सामूहिक विवाह होगा। प्रशासन लक्ष्य बढ़ाने की तैयारी में है। जनवरी और फरवरी में शादियां होंगी।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur News जिले में दो हजार से ज्यादा जोड़ों का सामूहिक विवाह होगा। शासन ने पूर्व में जो बजट तय किया था, अब शादियों के लिए उसे दो गुना कर दिया गया है। माना जा रहा है कि सामूहिक विवाह में शादियों को लेकर भी लक्ष्य दो गुना किया जा सकता है।
यही नहीं, शादी में जो उपहार भेंट किए जाते हैं उनकी गुणवत्ता बढ़ाने को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं। लक्ष्य को लेकर प्रशासन समाज कल्याण अधिकारियों के साथ बैठक करेगा और उसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।
नए साल में 18 जनवरी और नौ फरवरी को हर ब्लॉक में शादी समारोह आयोजित किए जाएंगे। इसमें गरीब परिवारों को आर्थिक सहूलियत के साथ शादी को लेकर अन्य सुविधाएं भी दी जाती हैं। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित सामुहिक विवाह समारोह आयोजित होता है।
इस बार शासन ने इसको लेकर 953 शादियों का लक्ष्य रखा था। इसको लेकर पांच करोड़ रुपये का बजट तय किया गया था। लेकिन अब यह बजट बढ़कर 11 करोड़ हो गया है। सूत्रों की माने तो विवाह के दौरान दिए जाने वाले सामान की गुणवत्ता भी बढ़ाई जाएगी। एक शादी में होने वाले खर्चे से आंकलन करें तो दो हजार से भी ज्यादा शादियों को लेकर लक्ष्य तैयार किया जा सकता है।
सूत्रों की माने तो 21 सौ शादियों का लक्ष्य बन सकता है। जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. प्रज्ञा पांडेय ने बताया कि शासन की ओर से पहले पांच करोड़ रुपये का बजट तय किया गया था, लेकिन अब यह बढ़ा दिया गया है। प्रशासन इस बढ़े हुए बजट पर बैठक करेगी। प्रशासन की ओर से निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बजट को देखते हुए लक्ष्य बढ़ने की उम्मीद है, कितना रहेगा अभी तय नहीं किया गया है।
एक शादी पर खर्च होते हैं 51 हजार
जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. प्रज्ञा पांडेय ने बताया कि एक शादी पर 51 हजार रुपये खर्च होते हैं। इसमें 35 हजार रुपये कन्या के खाते में जमा किए जाते हैं। छह हजार रुपये में केटरिंग का खर्च पूरा किया जाता है। इसके साथ ही 10 हजार रुपये से जोड़े के लिए उपहार खरीदे जाते हैं। इसमें दुल्हन के लिए पायल, बिछिया, मेकअप का सामान, साड़ी आदि भी शामिल होता है।
