बरेली: नालों की सफाई पर 1.25 करोड़ खर्च, फिर भी शहर जलमग्न

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। मानसून आने से पहले नगर निगम ने नालों की सफाई पर 1.25 करोड़ खर्च इसलिए किए, ताकि शहर के नागरिकों को बारिश में जलभराव से परेशानी न उठानी पड़ी लेकिन नगर निगम की यह रकम पानी में डूब गई। गुरुवार की देर रात से शुक्रवार सुबह तक हुई झमाझम बारिश ने शहर को …

बरेली,अमृत विचार। मानसून आने से पहले नगर निगम ने नालों की सफाई पर 1.25 करोड़ खर्च इसलिए किए, ताकि शहर के नागरिकों को बारिश में जलभराव से परेशानी न उठानी पड़ी लेकिन नगर निगम की यह रकम पानी में डूब गई। गुरुवार की देर रात से शुक्रवार सुबह तक हुई झमाझम बारिश ने शहर को जलमग्न कर दिया।

प्रमुख सड़कों जलभराव से लबालब हो गई। मोहल्लों की गलियों में पानी भरा रहा। घरों के साथ दुकानों में भी पानी घुसा। इससे शहर के लोगों को कई तरह की दिक्कतें झेलनी पड़ी। गलियों से दोपहर बाद पानी कम हुआ। वहीं, सड़कों में गहरे-गहरे गड्ढे होने से कई लोग दोपहिया वाहन लेकर गिर गए।

नगर निगम की बदहाल जल निकासी व्यवस्था के चलते शहर के कई मोहल्ले की गलियां टॉपू बन गईं। कुछ सड़कों पर घुटने तक नालों का गंदा जमा हो गया। करोड़ों रुपये खर्च कर की गई तैयारी इस साल भी धराशायी हो गई। हजियापुर और बाकरगंज जैसे वार्डों में सड़कों में कई फीट पानी भर गया। हाल इतने खराब हैं कि पूर्व में हुई कुछ ही मिनट की बारिश में मुख्य सड़क पर भी पानी जमा हो गया। सरकारी कार्यालयों में भी जलभराव हुआ है। शहर के श्यामगंज, माडल टाउन, पुराना शहर, कसाई टोला, जगतपुर, शहदाना, हजियापुर आदि जगहों पर लोगों का राह चलाना दूभर हो गया।

पुराना शहर में भीषण जलभराव
पुराना शहर में लोगों को बारिश से अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। नये व पुराने शहर के लोग जर्जर सड़कों, गंदगी और जलभराव की समस्याओं से घिरे रहे। जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी खान वारसी ने बताया कि नगर निगम की लापरवाही से लोग परेशान हैं। तामिर खान ने बताया कि पुराना शहर स्थित मोहल्ला चक महमूद गौसिया मस्जिद से लेकर चिमगादड़ वाला बाग की सड़क और नालियों जलभराव से भर गईं।

अहमद खान टीटू कहते हैं कि स्वाले नगर के भट्टा मलीन बस्ती के इलाके की गलियों में सड़क टूटी फूटी है। इससे जलभराव हो रहा है। सड़क का कोई पता नहीं है। मोहल्ले के बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों को घरों में कैद रहना पड़ रहा है। नगर निगम को इस इलाके का सर्वे कराकर समस्या का हल करना चाहिये। रिजवान शेख ने बताया कि मलूकपुर में बारिश तेज हो या हल्की बूंदाबांदी जलभराव मलूकपुर में हो जाता है। जलभराव की वजह से दुकानों में गंदा पानी घुस आता हैं। दरगाह आला हजरत गली से लेकर बमनपुरी, बजरिया, नाला रोड, कुंवरपुर, जसौली, घेर शेख मिट्ठू, टक्कर की पुलिया तक जलभराव रहता है। कबूतर चौक के सामने बगिया वाले रोड पर सीवरलाइन डाली गई थी, जिसकी वजह से पूरी सड़क जर्जर हो चुकी हैं।

संबंधित समाचार