बरेली: क्रिसमस को लेकर बाजार में बढ़ी रौनक
दो सौ से 2000 हजार तक में बिक रही सेंटा की पोशाक, क्रिसमस ट्री की अधिक मांग, लोगों में उत्साह
बरेली, अमृत विचार। क्रिसमस को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाजार में रौनक दिखने लगी है। खरीदारी का सिलसिला तेज हो गया है। मंगलवार को बाजार में ग्राहकों ने क्रिसमस ट्री, सेंटा क्लाज की पोशाक, विभिन्न तरह की लाइट व झालरों की खरीदारी की। गिरजाघरों में साफ सफाई के साथ पूरे दिन सजावट का काम जारी रहा। क्रिसमस ट्री 50 से 200 रुपये में बिक रहा है। सेंटा क्लाज की ड्रेस दो सौ से 2000 में बिक रही है।
बाजार में क्रिसमस का क्रेज देखते बन रहा है। दुकानदारों को मुताबिक इस पर्व पर सबसे ज्यादा सेंटा क्लाज के पोशाक की बिक्री होती है। इस बार पोशाक की कमी चल रही है। सिविल लाइंस स्थित दुकानदार अंकित देवल ने बताया कि पोशाक सहित कई सजावटी सामानों का आर्डर दिया गया है, लेकिन एक साथ माल नहीं मिल पाने से दिक्कत आ रही है।
हनुमान मंदिर रोड स्थित दुकानदार प्रीती सक्सेना बताती हैं कि क्रिसमस से करीब दो हफ्ते पूर्व सेंटा टोपी, ड्रेस, क्रिसमस ट्री सहित विभिन्न सजावटी सामानों की बिक्री तेज हो जाती है। हालांकि, कोविड के बाद से इस बार बाजार का माहौल अच्छा दिख रहा है।
ये भी पढ़ें - बरेली:फ्रेशर पार्टी में प्रथम वर्ष के छात्रों का किया स्वागत
