हरदोई पहुंची एकात्म यात्रा का हुआ स्वागत, समरसता संवाद का हुआ आयोजन
हरदोई, अमृत विचार। बुधवार की भोर जिले में धर्म संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना बिखेर गयी, लोकमंगल के चिंतन के साथ राष्ट्रीय एवं सामाजिक चेतना पर चर्चा हुई। अवसर था योगिराज श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा से शुरू हुई एकात्म यात्रा के भक्त प्रहलाद की नगरी हरदोई पहुंचने पर स्वागत समारोह के बीच महात्मा गांधी मार्ग स्थित भाजपा नेता पारुल दीक्षित के आवास पर आयोजित सामाजिक समरसता संवाद का।
परिचर्चा में जिले भर से जूटे विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, सामाजिक एवं साहित्यिक व्यक्तित्वों, अधिवक्ताओं एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी विभूतियों की उपस्थिति रही। लोकनीति के संयोजक सत्येंद्र जी की अगुआई में यात्रा शहर पहुंची, तो यात्रा के स्वागत एवं जनसंवाद से अभिभूत संयोजक सत्येंद्र जी ने हरदोई की जनचेतना को सराहा और कहा यात्रा का उद्देश्य राष्ट्र के गौरवशाली अतीत से जन सामान्य को अवगत कराते हुए लोकमंगल से जुड़ी सनातन धर्म संस्कृति के संवर्धन के प्रति लोगों को सचेत करना है।
कहा यात्रा का अंतिम पड़ाव मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में होगा। उन्होंने कहा बौद्धिक एवं प्राकृतिक संपदा से संपन्न भारत पहले भी विश्व गुरु की पदवी से विभूषित था और वर्तमान परिदृश्य के आधार पर उसे फिर उसी ऊंचाई तक ले जाना हम सब का समेकित प्रयास होना चाहिए। कहा यात्रा का भी यही उद्देश्य है।
संयोजक सत्येंद्र जी ने कहा कोरोना कॉल की भयावह स्थित से जब समूचा विश्व भयभीत था तब भारत की प्राचीन आयुर्वेद पद्धति ही उस महामारी से उबारने में जनस्वास्थ्य की रक्षक और सहायक बनी. कहा इसी तरह भारतीय आध्यात्मिक चेतना भी सर्फ भारत ही नहीं वरन सम्पूर्ण विश्व में मानवोत्थान की मार्गदर्शक है। यात्रा के साथ चल रहे लखनऊ स्थित लेटे हनुमान मंदिर के पूज्य महंत डॉ. विवेक तांवडे ने भारतीय सनातन धर्म-संस्कृति को लोकमंगलकारी बताया और मथुरा से बरेली होते हुए अयोध्या तक 31 जनपदों के भ्रमण में यात्रा को राष्ट्रीय जन एकता का परिचायक बताया।
अध्यक्षता करते हुए पारुल दीक्षित ने राष्ट्र हित को सर्वोपरि बताते हुए यात्रा की प्रासंगिकता को सराहा और जनचेतना में नया जोश भरने के लिए सभी का आभार जताया।
यात्रा का स्वागत भारत विकास परिषद के अध्यक्ष डॉ सुरेश अग्निहोत्री, सचिव अनूप पुरी, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष आशीष माहेश्वरी व मंत्री हिमांशु गुप्ता, आरोग्य भारती के अध्यक्ष डॉ. आलोक सिंह, डा. इंदुरमन दीक्षित, आप हम चेतना मंच के नगर अध्यक्षा राजीव सिंह व प्रद्युम्न सिंह, क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री व राजीव रंजन मिश्र, पूर्व सैनिक वेलफेयर फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष अशोक अग्निहोत्री, व उपाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रूद्रदत्त दीक्षित, सचिन सिंह, डॉ. कमलेश सिंह, कैप्टन रामकिशोर शुक्ला, शैलेंद्र राठौर सहित समाजसेवी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -अलीगढ़: White coat ceremony में शामिल हुए एएमयू के छात्र, लिए ये संकल्प
