रामपुर: शीतलहर से कांपे लोग, ढकिया में ठंड से वृद्धा की मौत
पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं से रामपुर में कंपकंपायी जिंदगी, फुटपाथ पर रहने वाले अलाव के सहारे काट रहे रातें
रामपुर, अमृत विचार। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं से रामपुर में शीतलहर चलने से लोग कांप उठे। ठंड से शाहबाद तहसील क्षेत्र के ढकिया में एक वृद्धा की मौत हो गई। वहीं फुटपाथ पर रहने वालों की रातें अलाव के सहारे कट रही हैं। सर्दी के कारण शाम ढले ही बाजार बंद होने लगे हैं। मौसम वैज्ञानिक डा. श्वेता सिंह ने बताया कि सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली, बागपत, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत और रामपुर में सर्दी जारी रहने का अनुमान है।
- दिन का तापमान भी गिरने से लोगों को सता रही है सर्दी
- अधिक सर्दी के कारण शाम ढलते ही बंद होने लगे बाजार
बुधवार को न्यूनतम तापमान सात तथा अधिकतम 13 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह और शाम को ठंड इतनी ज्यादा रही कि सर्दी भगाने के लिए लोगों ने जगह-जगह अलावा जलाए। शाम ढले लोगों ने घरों की राह पकड़ी जिससे बाजारों में सन्नाटा पसर गया। ज्यादा दिक्कत उन हजारों किसानों को उठानी पड़ी जो अलल सुबह कोहरे में गन्ना कटाई करने खेतों में गए सर्दी इतनी रही कि गन्ने की पत्ती के अलावा जलाकर अपने हाथों को सेंका इसके बाद ठंड में हाथों ने काम किया। बच्चे भी ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे और कुछ रोडवेज बसों में टूटे शीशे होने के कारण यात्रियों का सर्दी से बुरा हाल हो गया।
वहीं दिनभर चली शीत लहर से लोग बेहाल रहे। शाम होते ही फिर से सर्दी बढ़ने के कारण लोग अपने-अपने घर में दुबक गए और सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। पिछले तीन दिन से कड़ाके की ठंड है,और पारे में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे से धूप खिलने से तापमान में थोड़ा सुधार हुआ। लेकिन, शाम ढले पारा लुढ़क गया कड़ाके की सर्दी में फुटपाथ पर रहने वालों की जिंदगी अलाव के सहारे कट रही है। शाम ढले कोहरा छाने व सर्द हवा चलने से ठंड बढ़ गई और लोग अपने-अपने घर में दुबक गए। सड़कों पर पूरी तरह से सन्नाटा पसर जाता है। सुबह को घने कोहरा होने के कारण सड़क हादसे भी रहे हैं।
ढकिया में महिला की मौत के बाद मचा कोहराम
शाहबाद। ढकिया गांव में ठंड लग जाने से एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत होने से घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। पूस माह की कड़ाके की ठंड ने क्षेत्र में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पांच दिन पूर्व ढकिया निवासी सोमपाल सिंह की साठ वर्षीय पत्नि सोमवती को ठंड लग गई थी। परिजनों ने ठंड लग जाने पर महिला का उपचार गांव में ही निजी चिकित्सक से कराया। लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका।
हालत बिगड़ती देख मंगलवार की रात परिजन महिला को उपचार के लिए हायर अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि महिला ने दम तोड़ दिया। कड़ाके की ठंड के कारण महिला की मौत हो जाने से घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रोरोकर बुरा हाल था। बुधवार को भी क्षेत्र में दोपहर के करीब बारह बजे तक घना कोहराम छाया रहा। जिसके कारण आम जन जीवन अस्त व्यस्त रहा और चैापहिया तथा दोपहिया वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर मार्गों पर गुजरना पड़ा।
ये भी पढ़ें:- संभल: दुर्लभ प्रजाति के 44 कछुए बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
