Kanpur News : शेल्टर होम में बिना आधार कार्ड के भी मिलेगा प्रवेश, पांच जगह अस्थाई लोगों के लिये बनेगा रैन बसेरा
Kanpur News कानपुर में पांच जगह अस्थाई के लोगों के लिये रैन बसेरा बनेगा।
Kanpur News कानपुर में पांच जगह अस्थाई लोगों के लिये रैन बसेरा बनेगा। जिसमें 250 लोग रुक सकेंगे। नगर आयुक्त ने डूडा द्वारा संचालित शेल्टर होम में नियम को खत्म करने को आदेश दिये है।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur News अब बिना आधार कार्ड दिये भी शेल्टर होम में लोग रात बिता सकेंगे। ठंड बढ़ने के चलते नगर आयुक्त ने नगर निगम और डूडा द्वारा संचालित 25 शेल्टर संचालक को आदेश जारी किये हैं। अभी तक बिना आधार कार्ड वालों को संचालक प्रवेश नहीं दे रहे थे।
जिसके चलते जरूरतमंद लोगों को खुले आसमान के नीचे रात गुजारनी पड़ रही थी। इस समस्या को अमृत विचार ने प्रमुखता से छापा था। कई जगह की गई पड़ताल में रैन बसेरों की स्थिति खराब मिली थी, और लोग खुले में सोते मिले। खबर छपने के बाद नगर निगम हरकत में आया है और सभी को प्रवेश देने की व्यवस्था की है।
आम लोगों को ठंड से बचाने के लिये नगर निगम ने पहल की है। मानवीय दृष्टिकोण से शेल्टर होम में आधार कार्ड व अन्य प्रपत्रो की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया है। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने निर्देशित किया है कि जरुरतमन्द व्यक्ति को शीत से बचाव हेतु शेल्टर होम में अवश्यक रूप से प्रवेश दिया जाये।
इसके अति गंभीरता से लिया जायें। अगर शेल्टर होम के बाहर कोई सोना हुआ पाया गया तो कार्रवाई की जायेगी। इस संबध में समस्या नगर आयुक्त, जलकल महाप्रबंधक, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा को व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं।
पांच जगह अस्थाई शेल्टर होम बनेंगे
ठंड को देखते हुये शहर में पांच स्थानों पर अस्थाई शेल्टर होम को नगर निगम बनाएगा। हर शेल्टर होम में 50 लोग रह सकेंगे। नगर विकास मंत्री के निर्देश के बाद नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर आयुक्त ने बताया कि झकरकटी बस सटेशन के निकट, घंटाघर रेलवे स्टेशन के निकट, मेडिकल कॉलेज, रामादेवी चौराहा के पास, मूलगंज चौराहा के पास यह शेल्टर होम बनाये जायेंगे। जिसमें 250 लोगों के ठहरने की व्यवस्था होगी।
