शाहजहांपुर: थाना दिवस में देरी से आने पर जिला कृषि अधिकारी पर नाराज हुए डीएम 

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

 ड्रेस में न आने पर लेखपाल गुरूप्रकाश और रवी सिंह से जवाब तलब, थाना समाधान दिवस में डीएम ने सुनी समस्याएं 

शाहजहांपुर, अमृत विचार। डीएम उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में थाना रामचंद्र मिशन में संपूर्ण थाना समाधान दिवस संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने शिकायतों एवं समस्याओं को सुनकर उनका प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस में उचित ड्रेस में न आने पर लेखपाल गुरूप्रकाश एवं रवी सिंह से जवाब तलब किया।

थाना रामचंद्र मिशन में थाना दिवस प्रभारी के रूप में तैनात जिला कृषि अधिकारी के विलम्ब से आने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी प्रभारी अधिकारी सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस में समय से उपस्थित होकर शिकायतों को सुनकर उनका गुणवत्ता परक निस्तारण सुनिश्चित कराएं।

उन्होंने गत थाना समाधान दिवस के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की एवं शिकायत रजिस्टर भी देखा। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि भूमि विवाद सम्बंधी प्रकरणों में पुलिस एवं राजस्व की संयुक्त टीम तत्काल भेजते हुए अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करें।

थाने का भी डीएम ने किया निरीक्षण: जिलाधिकारी ने थाना रामचन्द्र मिशन का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने कार्यालय कक्ष, सीसीटीएनएस, भोजनालय, हवालात एवं बैरकों का निरीक्षण किया। सीसीटीएनएस पर रवानगी का विवरण भी देखा। डीएम ने निर्देश दिए कि भोजनालय में अग्नि से सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा प्रयोग की जा रहे रेगुलेटर एवं पाइप को नियमित अंतराल पर बदलते रहें।

भोजनालय में जल निकासी हेतु उचित प्रबंध किए जाने के निर्देश भी दिये। उन्होने त्योहार रजिस्टर, अपराध रजिस्टर आदि को भी देखा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन रामसेवक द्विवेदी सहित सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।

हुआ छह मामलों का निस्तारण: कांट। एसडीएम सतीश चंद्रा ने थाना समाधान दिवस पर कहा कि फरियादी की समस्याओं का गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाए। राजस्व व पुलिस विभाग से संबंधित जुड़े प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाए। कुल 8 मामले आए और 6 मामलों का निस्तारण किया गया।

उन्होंने पुलिस व राजस्व विभाग टीम केा निर्देश दिए है कि मौके पर जाकर गुणवत्ता के आधार पर निस्तारण हो। इस अवसर पर जमीन संबंधी विवाद, पारिवारिक विवाद के मामले है। इस दौरान डीसीबी चेयरमैन डीपीएस राठौर, सीओ सदर अमित चौरसिया, विकास खण्ड अधिकारी मुन्नालाल, प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: व्यापारी बेटे के अपहरण का प्रयास, ग्रामीणों ने छुड़वाया

संबंधित समाचार