शाहजहांपुर: व्यापारी बेटे के अपहरण का प्रयास, ग्रामीणों ने छुड़वाया
अमृत विचार, बंडा। किराना व्यापारी को पकड़कर घसीटते हुए गाड़ी में बैठाकर ले जाने पर किराना व्यापारी ने पांच लोगों के खिलाफ अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्यवाही की मांग की है, लेकिन पुलिस ने खबर लिखे जाने तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गांव मानपुर पिपरिया निवासी कन्हैयालाल ने बताया कि गांव में ही पोहकरपुर रोड पर किराने की दुकान है। शनिवार रात आठ बजे बेटा सोनपाल दुकान पर बैठा था, तभी पोहकरपुर की तरफ से एक चार पहिया सफेद रंग की गाड़ी आई, जिस पर पांच लोग मौजूद थे, जिनमें से एक युवक ने बेटे सोनपाल को बुलाया तो वह दुकान से निकलकर बाहर आया।
इस दौरान दो और युवक गाड़ी से उतरे और सोनपाल को पकड़ लिया जिसके बाद उसे अपनी गाड़ी में खींचकर बैठाने लगे । इस दौरान उसकी काफी खींचतान हुई जिससे उसे काफी चोटें भी आईं लेकिन उन्होंने उसे चलती गाड़ी से साथ में घसीटना शुरू कर दिया और गाड़ी को गोमती नदी के बंजार घाट की तरफ लेकर चल दिए। सोनपाल ने बताया कि जब उसने शोर मचाया तो खेतों की रखवाली कर रहे लोगों ने लाठी डंडे लेकर गाड़ी का पीछा किया।
इस दौरान बदमाश उसे चलती गाड़ी से फेंककर बंजार घाट की तरफ भाग गए। व्यापारी ने बताया कि अपहरण करने वालों के पास हथियार भी थे। वहां मौजूद लोगों ने सोनपाल के घर सूचना दी, जिसके बाद गांव के करीब 20- 25 ग्रामीण उसे लेकर बंडा थाने पहुंचे और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की।
एक 17 वर्षीय लड़का दुकान पर बैठा था, किसी बात को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया होगा। जिस पर उन्होंने उसके साथ मारपीट की और गाड़ी से धक्का मार दिया। फिलहाल मामले की जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया अपहरण का मामला प्रतीत नहीं होता, पुलिस को मौके पर भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है--- संदीप मिश्रा,थाना प्रभारी।
