वाराणसी: आभूषण कारोबारियों का मौन प्रदर्शन, कहा- आपराधिक घटनाएं खोलो या कुर्सी छोड़ो
वाराणसी, अमृत विचार। चौबेपुर और चोलापुर क्षेत्र में आभूषण कारोबारियों की दुकानों में लगातार चोरी और लूट की घटनाएं सामने आ रही है। वहीं इस घटनाओं से नाराज़ होकर रविवार को आभूषण कारोबारियों ने चोलापुर थाने के सामने जुलूस मार्च निकालकर शहीद स्मारक पर मौन प्रदर्शन किया। वहीं आभूषण कारोबारियों ने चोलापुर थाने में मौन प्रदर्शन के बाद पुलिस कमिश्नर को संबोधित पत्रक सौंपा। वहीं इन लूटपाट और चोरी की घटनाओं के चलते आभूषण कारोबारियों के बीच भय का माहौल देखने को मिला।
बता दें कि लगातार चोरी और लूट की घटनाओं को लेकर उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सेठ के नेतृत्व में चोलापुर के सभी आभूषण कारोबारियों ने अपनी दुकान बंद करके प्रदर्शन कर रहे हैं। स्वर्णकार समाज का कहना है कि पुलिस आपराधिक घटनाओं का सही से खुलासा करते हुए हमारा माल बरामद करे या तो यहां के जिम्मेदार लोग कुर्सी छोड़ कर पुलिस लाइन चले जाएं। उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सेठ ने कहा कि हम लोग व्यापारी हैं। हमें सुरक्षा के साथ न्याय भी चाहिए। लगातार आभूषण कारोबारियों चोरी और लूट की जा रही है। पुलिस घटनाओं का खुलासा करने के बजाय हाथ पर हाथ धरकर बैठी है। ऐसे माहौल में कैसे कोई आभूषण कारोबारी कारोबार कर पायेगा। उन्होंने आगे कहा कि अगर थाना प्रभारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन सही तरीके से नहीं कर पा रहे हैं तो पुलिस कमिश्नर उन्हें हटा कर किसी और को यहां तैनात करें।
वहीं स्वर्णकार समाज ने कहा कि अगर ऐसी ही स्थिति रही तो अब स्वर्णकार समाज चुप नहीं बैठेगा। इस दौरान वाराणसी के स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सेठ, अनिल सेठ, शिव कुमार सेठ, जयप्रकाश सेठ, बंशीधर सेठ, पंचम सेठ, संजय सेठ समेत कई आभूषण कारोबारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - लखनऊ: रिक्त MLC सीट के लिए भेजी भाजपा संगठन ने पैनल लिस्ट
