Delhi Mayor Elections: BJP ने रेखा गुप्ता को बनाया उम्मीदवार, AAP की शैली ओबेरॉय को देंगी टक्कर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) महापौर के चुनाव में शालीमार बाग से पार्षद रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। यह चुनाव छह जनवरी को होना है, जिसमें आम आदमी पार्टी (आप) ने पार्षद शैली ओबेरॉय को मैदान में उतारा है।

ये भी पढ़ें- खुर्शीद द्वारा राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से करना ‘चाटुकारिता की पराकाष्ठा’ : गौरव भाटिया

भाजपा की दिल्ली इकाई के मीडिया प्रकोष्ठ प्रमुख हरीश खुराना ने बताया कि भाजपा ने उप महापौर के पद के लिए कमल बागड़ी और स्थायी समिति सदस्य के पदों के लिए कमलजीत सहरावत, गजेंद्र दराल तथा पंकज लूथरा को उम्मीदवार बनाया है। सभी उम्मीदवार आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

उल्लेखनीय है कि सात दिसंबर को ‘आप’ ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की 250 में से 134 वार्ड में जीत हासिल करके भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 15 साल तक चले शासन पर विराम लगा दिया था। चुनाव में भाजपा ने 104 वार्ड में जीत दर्ज की थी। मुंडका के पार्षद दराल बाद में भाजपा में शामिल हुए थे। 

‘आप’ ने उप महापौर पद के लिए आले मोहम्मद इकबाल को और स्थायी समिति के अन्य सदस्यों के लिए रमिंदर कौर, सारिका चौधरी, मोहिनी जीनवाल तथा मोहम्मद आमिल मलिक को उम्मीदवार बनाया है। चुनाव में महापौर और उप महापौर पद पर भाजपा की जीत की संभावना नहीं है, लेकिन वह एमसीडी की महत्वपूर्ण स्थायी समिति के सदस्यों के तीन पदों को जीतने की कोशिश करेगी। 

महापौर का चुनाव एक गुप्त मतदान के माध्यम से होता है और पार्षद किसी भी उम्मीदवार को वोट देने के लिए स्वतंत्र होते हैं, क्योंकि दलबदल विरोधी कानून इस पर लागू नहीं होता। महापौर के चुनाव के लिए निर्वाचित 250 पार्षद, दिल्ली के सात लोकसभा तथा तीन राज्यसभा सदस्य और विधानसभा के 15 विधायक मतदान के पात्र हैं। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने ‘आप’ के 13 और भाजपा के एक विधायक को चुनाव में मतदान करने के लिए नामित किया है। 

महापौर चुनाव के लिए कुल वोट 274 हैं, जिसमें ‘आप’ के पास 150 और भाजपा के पास 113 हैं। एमसीडी में कांग्रेस के नौ, जबकि दो अन्य निर्दलीय पार्षद हैं। महापौर, उप महापौर और स्थायी समिति के सदस्यों के लिए छह जनवरी को चुनाव होगा। एमसीडी की स्थायी समिति में 18 सदस्य होते हैं, जिनमें से 12 ज़ोन से और छह सदन से चुने जाते हैं। 

ये भी पढ़ें- मोदी सरकार का कुल कर्ज दूसरी तिमाही में बढ़कर 147 लाख करोड़ रुपए पहुंचा

संबंधित समाचार