रुद्रपुर: लाखों की स्मैक के साथ एसटीएफ ने तस्कर दबोचा
रुद्रपुर, अमृत विचार। कुमाऊं एसटीएफ ने अंतर्राज्यीय स्मैक तस्करी के सौदागर को लाखों की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले लंबे समय से सीमावर्ती इलाकों से स्मैक की खेप मंगवाकर आसपास के इलाकों में सप्लाई करता है।
एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार की देर रात एसटीएफ को खबर मिली कि एक व्यक्ति पुलभट्टा सीमावर्ती इलाके का फायदा उठाकर स्मैक की बड़ी खेप ला रहा है। सूचना मिलते ही सीओ एसटीएफ कुमाऊं सुमित पांडे और एसटीएफ प्रभारी एमपी सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। जिसके बाद टीम ने सर्विलांस एवं सुरागरसी के आधार पर पुलभट्टा के आसपास चेकिंग अभियान शुरू कर दी।
इसी दौरान एक युवक गोपनीय रास्तों से पैदल ही आता हुआ दिखाई दिया। जो टीम को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। जिस पर एसटीएफ ने घेराबंदी कर राकेश पाल निवासी ग्राम मौसमपुर थाना मूसाझाग जिला बदायूं यूपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से 139 ग्राम स्मैक बरामद की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि स्मैक को वह बरेली सहित सीमावर्ती बॉर्डर से मंगवाता है और उसके बाद आसपास के इलाकों में सप्लाई करता है। पिछले लंबे समय से वह स्मैक तस्करी का धंधा करता है। एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि बरामद पकड़ी गई स्मैक की कीमत 13.90 लाख रुपये आंकी गई है। स्मैक का आरोपी दोगुना कमाई करता है। बताया कि एसटीएफ को पूछताछ में कई अहम जानकारी मिली है। जल्द ही अंतर्राज्यीय स्मैक तस्कर गिरोह के नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा।
घर बैठे ही करते हैं स्मैक की तस्करी का गोरखधंधा
रुद्रपुर। एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार अंतर्राज्यीय स्मैक तस्करी के आरोपी से हुई पूछताछ में एसटीएफ को कई अहम जानकारियां मिलीं हैं। एसटीएफ प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि दबोचा गया आरोपी राकेश पाल अंतर्राज्यीय स्मैक तस्करी गिरोह का सक्रिय एवं नेटवर्क की अहम कड़ी है। पूछताछ में बताया कि ज्यादातर स्मैक की तस्करी यूपी व उत्तराखंड की सीमावर्ती इलाकों से होती है। क्योंकि एक दूसरे बॉर्डर से आसानी से स्मैक पहुंच जाती है। स्मैक की खेप आते ही व्हाट्सअप पर मैसेज आता है और स्मैक आने के बाद व्हाट्सअप के जरिए ही बेचने वाले सक्रिय सदस्यों को सूचित किया जाता है। यहीं कारण है कि आवाजाही कम होने की वजह से नेटवर्क पुलिस की नजर से दूर रहता है। पूरा स्मैक का धंधा घर बैठे ही किया जाता है।
आरोपी की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई
रुद्रपुर। एसटीएफ के सीओ सुमित पांडे ने बताया कि अंतर्राज्यीय स्मैक तस्करी गिरोह से जुड़ी अहम कड़ी राकेश पाल पिछले लंबे समय से स्मैक का धंधा करता है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि आरोपी ने काले कारोबार से अकूत संपत्ति जोड़ रखी होगी। इसके लिए एसटीएफ की एक टीम उसके ग्राम मौसमपुर बदायूं के अलावा उसके हर उस स्थान पर जाएगी। जहां आरोपी की संपत्ति होगी। संपत्ति की सूची बनाकर अवैध संपत्ति के जब्तीकरण एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई एसटीएफ करेगी। ताकि स्मैक के सौदागरों के नेटवर्क को तोड़ा जा सकें।
