लखनऊ: निजी अस्पताल ने मरीज को बनाया बंधक! परिजनों ने एक लाख से भी अधिक रुपये वसूलने का लगाया आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार संवाददाता, लखनऊ। राजधानी में निजी अस्पताल संचालकों की मनमानी जारी है। ताजा मामला चौक स्थित यूनाइटेड हॉस्पिटल का बताया जा रहा है। यूनाइटेड हॉस्पिटल संचालक पर गंभीर आरोप लगा है। परिजनों ने अस्पताल संचालक पर एक लाख से भी अधिक रुपये वसूलने के बाद भी मरीज को बंधक बनाए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।

दरअसल, उन्नाव निवासी करण (25) 18 दिसंबर को हुए एक हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। उसे सिर समेत चेहरे पर गंभीर चोट आई थी। परिजन आनन-फानन में लेकर केजीएमयू के ट्रामा सेंटर पहुंचे थे, लेकिन ट्रामा सेंटर में बेड की कमी बताकर मरीज को भर्ती करने से मना कर दिया था। इसी बीच एंबुलेंस चालक ने मरीज को यूनाइटेड हॉस्पिटल में ले जाकर भर्ती करा दिया था। 

जहां पर पहले मरीज को वेंटीलेटर पर रखा गया। इस दौरान मरीज के परिजनों से सर्जरी व इलाज के नाम पर करीब 80 हजार रुपये वसूल लिये गये, इसके अलावा दवा के नाम पर भी अलग से खर्च लिया गया। वहीं करीब 1 लाख 25 हजार का बिल परिजनों को और थमा दिया। मरीज के परिजन राजकुमार ने 1 लाख रुपये जमा करने में असमर्थता जताई और मरीज को सरकारी अस्पताल रेफर करने की गुजारिश की।

आरोप है कि उसके बाद अस्पताल संचालक तथा मरीज के तीमारदार के बीच नोकझोंक हुई, साथ ही अस्पताल संचालक ने मरीज को रेफर करने से मना कर दिया और कहा कि जाकर एक लाख रुपये लेकर आओ। इसी बीच यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को भी ट्वीट कर मरीज को बंधक बनाए जाने की शिकायत की गई।

उप मुख्यमंत्री को ट्वीट होने के बाद राजधानी का स्वास्थ्य महकमा भी हरकत में आया और एसीएमओ ने यूनाइटेड हॉस्पिटल के संचालक को फोन कर तत्काल मरीज को छोड़ने के निर्देश दिए, लेकिन उसके बाद भी अस्पताल संचालक ने दोपहर बाद तक मरीज को नहीं छोड़ा।

इस पूरे मामले में जब यूनाइटेड हॉस्पिटल के संचालक भूपेंद्र सिंह से बात की गई तो उनका कहना था कि मरीज की हालत ठीक नहीं है। वहीं मरीज के परिजन अस्पताल से चले गए हैं। ऐसे में पुलिस को सूचना दी जा रही है। जल्द ही मरीज को केजीएमयू भेज दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-CBSE Exam Dates: सीबीएसई 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं की डेटशीट जारी, यहां देखें पूरा शेड्यूल

संबंधित समाचार