बरेली: इज्जतनगर मंडल के 15 अमृत स्टेशन एयरपोर्ट की तर्ज पर होंगे विकसित, मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कासगंज, बरेली सिटी, इज्जतनगर, बहेड़ी, पीलीभीत स्टेशन शामिल

बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर रेल मंडल के 15 स्टेशनों की तस्वीर बदल जाएगी। इन स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित किया गया है। इस योजना के तहत देश के 199 बड़े प्रमुख स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। स्टेशनों को एयरपोर्ट जैसा स्मार्ट बनाने की तैयारी की जा रही है। इज्जतनगर मंडल में इस योजना के तहत स्टेशनों की सूरत संवारने को तकनीकी एवं वित्तीय उपयोगिता के अध्ययन को सलाहकार की नियुक्ति की जा रही है। साथ ही रेलवे की गति शक्ति यूनिट स्टेशनों के कायाकल्प के लिए काम करेगी।

यह भी पढ़ें- बरेली: जेलर को मिली जान से मारने की धमकी, बंदी के भाई पर लगा आरोप

रेलवे अधिकारियों की मानें तो जैसे ही स्टेशन पर यात्री दाखिल होंगे तो उन्हें वहां कि क्षेत्रीयता का अहसास होगा। आने वाले समय में क्या चुनौतियां व आवश्यकताएं होंगी इसको ध्यान में रखते हुए अमृत भारत स्टेशन बनाए जाएंगे। रेलवे बोर्ड ने पूर्वोत्तर रेलवे से अपने मंडल के स्टेशनों की सूची मांगी है।

ताकि वर्ष 2023 तक इस योजना को अमली जामा पहनाया जा सके। इज्जतनगर मंडल में फर्रुखाबाद, कासगंज, बरेली सिटी, कन्नौज, काशीपुर, पीलीभीत, लालकुआं, बदायूं, इज्जतनगर, बहेड़ी, हाथरस सिटी, गुरसहायगंज, किच्छा, कायमगंज, टनकपुर स्टेशनों का चयन किया गया है।

अमृत भारत स्टेशनों पर किए जाएंगे यह कार्य
अमृत भारत योजना के तहत स्टेशनों पर फसाड लाइटिंग, सीसीटीवी, दिव्यांगों के लिए रैंप, आकर्षक प्रवेश द्वार, आधुनिक सुविधाएं, एक्सेलेटर, आधुनिक शौचालय आदि सुविधाएं दी जाएंगी। पूर्व में आदर्श के रूप में स्टेशनों का कायाकल्प किया गया। अब एक कदम आगे बढ़ाकर रेलवे अमृत भारत योजना लेकर आया है। रेलवे द्वारा नियुक्त किए जाने वाले सलाहकार स्टेशन की मास्टर प्लानिंग, आर्किटेक्चरल डिजाइनिंग के साथ विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करते हैं। विकसित होने के बाद इन्हें आदर्श स्टेशन कहा जाता है, लेकिन भारतीय रेलवे इस समय अमृत काल में चल रहा है, ऐसे में अब यह स्टेशन अमृत भारत स्टेशन कहलाएंगे।

\अमृत भारत योजना के तहत इज्जतनगर मंडल के 15 स्टेशनों को अमृत स्टेशन बनाए जाने की तैयारी है। रेलवे की गति शक्ति यूनिट को इस कार्य का जिम्मा दिया गया है। इस योजना के तहत विकसित होने से स्टेशनों पर हाईटेक सुविधाएं यात्रियों को मिल सकेंगी----राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर मंडल।

यह भी पढ़ें- बरेली: केंद्रों पर धान बेचकर भुगतान को तरस रहे किसान, 61 करोड़ बकाया

संबंधित समाचार