शाहजहांपुर: बेटे का मजाक पापा को पड़ गया भारी, उठा ले गई पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पापा के मोबाइल से 112 पर कॉल कर खुद के अपहरण की दी सूचना

अमृत विचार, तिलहर। क्राइम पेट्रोल नाटक देखकर 11 वर्षीय बालक का पुलिस के डायल 112 पर कॉल करके खुद के अपहरण की सूचना देने का मजाक उसी के पिता पर भारी पड़ गया। अपहरण की सूचना पर मोबाइल नंबर के लोकेशन के आधार पर पहुंची पुलिस ने बच्चे के पिता को दबोच लिया और अपहरण के आरोप में उसे कोतवाली ले आई।

जहां पूछताछ में पता चला कि अपहरण की सूचना देने का उसका अपना ही बेटा था। अपहरण की झूठी सूचना का ख्याल क्राइम पेट्रोल सीरियल देखकर बच्चे को आया था। सूचना झूठी पाए जाने पर बच्चे के पिता को पुलिस ने छोड़ दिया।  

कोतवाल राजकुमार शर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे मोहल्ला दिलाजाग निवासी मोहम्मद आरिफ के 11 वर्षीय पुत्र बिलाल ने अपने पापा के मोबाइल से पुलिस के इमरजेंसी नंबर 112 डायल पर सूचना देकर बताया कि मेरा अपहरण कर लिया गया है और मुझे नहीं मालूम मैं कहां पर हूं। बिलाल ने इतना कहने के बाद फोन काटकर स्विच ऑफ कर लिया।

दिनदहाड़े अपहरण की सूचना से लखनऊ से लेकर शाहजहांपुर, तिलहर कोतवाली पुलिस में हड़कंप मच गया। लखनऊ हेड मुख्यालय 112 डायल से जिला मुख्यालय पर सूचना आई। इसके बाद पुलिस एवं सर्विलांस टीम को सक्रिय कर दिया गया। सबसे पहले उस नंबर को तलाश किया गया जिस नंबर से बच्चे ने कॉल की थी। मोबाइल नंबर की आखिरी लोकेशन मोहम्मद आरिफ के घर की निकली।

आनन-फानन में पुलिस फोर्स मोहल्ला दिलाजाग पहुंच गया और मोहम्मद आरिफ को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और उसे लेकर कोतवाली पहुंच गई। अचानक पुलिस की छापेमारी से परिवार के लोग सकपका गए, उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर पुलिस का अचानक इस तरह से छापा कैसे पड़ा और आरिफ को पुलिस क्यो ले गई।

कोतवाली में पुलिस ने जब अपहरण के मामले पर आरिफ से पूछताछ की तो पता चला कि जिस मोबाइल नंबर की वजह से आरिफ पुलिस के घेरे में आए थे, उस नंबर से उन्हीं के 11 वर्षीय बेटे बिलाल ने अपने अपहरण की झूठी सूचना दी थी। जब पुलिस पूरी तरह से संतुष्ट हो गई कि डायल 112 को कॉल करने वाला कोई और नहीं उनका आरिफ का बेटा ही था। तब उसे आरिफ को छोड़ा गया। 

क्राइम पेट्रोल नाटक देखकर सूझा मजाक
बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस उसकी बरामदगी को लेकर परेशान थी और उधर आरिफ के परिवार वाले इस बात से परेशान थे कि आखिर यह सब हो क्या रहा है। पुलिस ने जब पूछताछ शुरू की तो मामला झूठा निकला। डायल 112 पर कॉल करने वाले आरिफ के बेटे बिलाल से जब पुलिस ने पूछा कि उसने इस तरह की झूठी कॉल क्योंकि तब उसने बताया कि टीवी पर क्राइम पेट्रोल नाटक देख कर ऐसे ही मजाक में फोन लगा दिया। 

बिलाल 11 वर्ष का बच्चा है, जो कक्षा दो का छात्र है। बिलाल ने मजाक में 112 डायल कर अपने झूठे अपहरण की सूचना दी थी। मोहम्मद आरिफ को बच्चे से मोबाइल दूर रखने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया है---राजकुमार शर्मा, कोतवाल।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: मकान की तीसरी मंजिल से कूदकर व्यक्ति ने दी जान, परिवार में मचा कोहराम

संबंधित समाचार