Weather Update: दिल्ली में सबसे सर्द सुबह, पारा 3 डिग्री तक गिरा, IMD ने कही ये बड़ी बात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड ने लोगों का जीना बेहाल कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज (5 जनवरी) न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 6:10 बजे यह 3.2 और 6:10 से 8:30 के बीच 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी में यह इस मौसम का सबसे न्यूनतम तापमान है। इससे पहले बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। कोहरे की चादर में लिपटी राजधानी दिल्ली धर्मशाला, नैनीताल और देहरादून से भी ज्यादा ठंडी हो गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों तक उत्तर भारत में घने से बहुत घने कोहरे और शीतलहर की स्थिति जारी रहेगी। इसके बाद इसकी तीव्रता कुछ कम हो जाएगी। इसके साथ ही अगले 2-3 दिनों तक उत्तराखंड, दक्षिण मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की बारिश की संभावना है। इसके अलावा 2-3 दिनों के दौरान उत्तराखंड और राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में भी घना कोहरा छाया रह सकता है।

जानें दिल्ली में कैसा रहेगा तापमान 
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र नई दिल्ली के मुताबिक, दिल्ली में 5 जनवरी को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं, घने कोहरे के साथ शीतलहर चलने के आसार हैं। राजधानी में 6 और 7 जनवरी को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। यहां घने कोहरे के साथ शीतलहर चलेगी। 8 जनवरी से पारा बढ़ने के आसार हैं। ​रविवार को राजधानी में सुबह हल्के कोहरे के साथ दिन में बादल साफ रहेंगे। 8 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें- PM मोगी ने मुरली मनोहर जोशी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं, बोले- भाजपा को मजबूत करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण

संबंधित समाचार