Kanpur Factory Fire : पनकी में शार्ट सर्किट के चलते सोल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, कर्मचारियों ने बाहर निकल कर बचाई जान
Kanpur Factory Fire कानपुर के पनकी में चप्पल सोल फैक्ट्री में लगी भीषण आग।
Kanpur Factory Fire कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया तीन नंबर स्थित चप्पल सोल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। धुअें की लपटें उठती देख कर्मचारियों ने बाहर निकल कर जान बचाई है। दमकल की 10 गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया है।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Factory Fire पनकी थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया तीन नंबर में जी-60 स्थित चप्पल सोल फैक्ट्री में आग लग गई। आग लगने से पूरी फैक्ट्री धू-धू कर जलने लगी। फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों ने बाहर भागकर जान बचाई है। इधर, सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल की 10 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया है। हालांकि आग से लाखों का नुकसान बताया जा रहा है।
काकादेव के शास्त्री नगर निवासी संतोष कुमार की पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में रबर ग्राइंडिंग के नाम से चप्पल सोल की फैक्ट्री है। गुरुवार सुबह फैक्ट्री के अंदर लगे इलेक्ट्रिक पैनल में शार्ट सर्किट हुआ। जिससे निकली चिंगारियों ने माल पैकिंग की जाने वाली पालिथीन को अपनी चपेट में ले लिया। जिसके चलते आग लग गई। थोड़ी ही दूर में पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख लोगों में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे कर्मचारी के साथ आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारी भी बाहर निकल आये। सूचना पाकर पुलिस और दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत कर दमकल जवानों ने आग पर काबू पा लिया। वहीं, आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। पनकी एसीपी निशांक शर्मा ने बताया कि फैक्ट्री में रखे अन्य ज्वलनशील माल को समय रहते हटा लिया गया। आग से कोई हताहत नहीं हुआ।
