शीतलहर का कहर, बहराइच में तीसरे दिन भी नहीं निकली धूप ...ठिठुरन और गलन से लोग बेहाल
अमृत विचार, बहराइच। तराई भीषण शीतलहर की चपेट में है। शुक्रवार को बहराइच का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जिसके चलते ठिठुरन और गलन से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हैं। कोहरे और धुंध का लोगों को निरंतर सामना करना पड़ रहा है। तापमान का पारा जमावबिंदु की ओर खिसकने से जनजीवन अस्त व्यस्त है।
तीसरे दिन भी बहराइच में सूरज नहीं निकला, ठिठुरन और गलन के चलते अलाव लोगों का सहारा बना रहा। सर्द पछुआ हवाएं सुबह से लोगों के लिए समस्या बनी हुई हैं। तराई का मौसम सुधर नहीं रहा। शुक्रवार सुबह फिर लोगों का सामना कोहरे और धुंध से हुआ। तीसरे दिन भी धूप नहीं निकली। ठिठुरन और गलन से निजात नहीं मिल सकी। सुबह कोहरे के चलते आवागमन भी प्रभावित रहा।
पहाड़ों से आ रही सर्द पछुआ हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। घरों से मजबूरी में निकले दैनिक मजदूरी पेशा वर्ग के लोग कांपते दिखे। जनजीवन अस्त व्यस्त नजर आया। लोग जैसे तैसे कामकाज के लिए घर से बाहर निकले लेकिन अलाव के आसपास सिमटे नजर आए, वहीं घरों में मौजूद बच्चे बुजुर्ग कंबल और रजाई में दुबके रहे।
जिले का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने से शुक्रवार सबसे ठंडा रहा। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते आ रही सर्द पछुआ हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। फसल अनुसंधान केंद्र के तकनीकी विशेषज्ञ के मुताबिक अब तराई के लोगों को कड़ाके की ठंड के साथ बदली का भी सामना करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें:-'हम तुमसे बहुत प्यार करते हैं, पढ़कर फाड़ देना... 8वीं की छात्रा के प्यार में पागल गुरुजी ने लिखा Love Letter
