Video Viral : हाथ में तमंचा और फोन पर भद्दी-भद्दी गालियां दे रहा युवक, घरवाले बोले- प्रेमविवाह करने के बाद नहीं आया घर
उन्नाव में हाथ में तमंचा लिये युवक का का वीडियो सोशल मीडिय पर वायरल हो रहा।
उन्नाव में युवक का हाथ में तमंचा लेकर फोन पर गाली देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा। घरवालों का कहना है कि युवक प्रेम विवाह करने के बाद एक साल से घर नहीं आया।
उन्नाव, अमृत विचार। सोशल मीडिया पर गुरुवार को एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें हाथों में अवैध तमंचा लिए युवक मोबाइल फोन पर किसी से गाली गलौज करता दिख रहा है। वीडियो हसनगंज निवासी युवक का है। मीडिया सेल ने इसका संज्ञान लेते हुए हसनगंज पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिये। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो पता चला कि एक साल पूर्व उसने लखनऊ में प्रेम विवाह किया था। तब से वह घर नहीं आया।
जांच पड़ताल में यह बात सामने आयी है कि वीडियो में दिख रहा युवक हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के मूसेपुर गांव का रहने वाला अभय कुमार पुत्र भैयालाल है। वीडियो देख कर यह स्पष्ट हो रहा है कि जिस समय वह असलहा लहराते हुए मोबाइल पर किसी से गाली गलौज कर रहा है उस समय उसका ही कोई साथी वीडियो शूट कर रहा है।
हसनगंज पुलिस आरोपी की पहचान के बाद उसकी धरपकड़ के लिए उसके घर पहुंची। हसनगंज कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपित के घर पहुंचने पर पिता ने बताया कि बीती वर्ष 20 फरवरी को वह एलएलबी की तैयारी के लिए लखनऊ गया था जहां उसने किसी युवती से प्रेम विवाह कर लिया है। इसके बाद से वह कभी घर नहीं आया। परिजनों यह भी कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि वह कहां रह रहा है।
