अयोध्या: बहन की शादी का कार्ड छपवाने निकले युवक की कार की चपेट में आने से मौत
अमृत विचार, बीकापुर, अयोध्या। बहन की शादी का कार्ड छपवाने चौरेबाजार आया युवक घर जाते समय कार की चपेट में आ गया। स्कूटी सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।
थाना कूड़ेभार क्षेत्र के सैदखानपुर मजरा गौरा निवासी रोहित सिंह यादव पुत्र राम मूरत यादव के घर पर आयोजित विवाह कार्यक्रम का कार्ड छपवाने चौरेबाजार आया था। वापस जाते समय चौरे बाजार निधियावां मार्ग के निकट स्कूटी पर सवार होकर जैसे निकला तो सुल्तानपुर की तरफ से तेज गति से आ रही कार की चपेट में आ गया।
पुलिस चौकी चौरेबाजार प्रभारी जनार्दन सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर पहुंचाया, जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक अभिषेक कुमार ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। कार चालक अभी भी फरार बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:-कोहरे में सड़क पर सफेद पट्टी के सहारे चलें: एआरटीओ
