Chitrakoot News : कौशांबी की चकबंदी लेखपाल किरन रुपौलिहा का शव, बेटी ने की शिनाख्त
Chitrakoot News चित्रकूट के छीबों गोबरौल में मिले शव की हुई शिनाख्त।
Chitrakoot News चित्रकूट के छीबों गोबरौल में मिले शव की हुई शिनाख्त। शव की शिनाख्त कौशांबी की चकबंदी लेखपाल किरन रुपौलिहा में हुई।
चित्रकूट, अमृत विचार। Chitrakoot News राजापुर थाना क्षेत्र के छीबों गोबरौल मोड़ के पास मिले शव की शिनाख्त हो गई। सोमवार को प्रयागराज निवासी दीपांक्षी ने इसकी पहचान अपनी मां लेखपाल किरन रुपौलिहा के रूप मे की। महिला की गुमशुदगी कौशांबी जिले के पिपरी थाने में दर्ज है और इसी आधार पर अब वहीं से इस मामले की विवेचना की जाएगी।
गौरतलब है कि रविवार को छीबों गुबरौल में एक तालाब के पास एक महिला का शव मिला था। इसका सिर बुरी तरह से कुचला हुआ था। शव देखने से स्पष्ट था कि इसकी हत्या क्रूर तरीके से की गई थी। राजापुर प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र कुमार सिंह महिला की शिनाख्त के लिए प्रयासरत थे। इस संबंध में आसपास के थानों में इस बात का पता भी लगाया जा रहा था कि कहीं किसी महिला की गुमशुदगी तो दर्ज नहीं।
सोमवार को कालिंदीपुरम जिला प्रयागराज निवासी दीपांक्षी अपने अन्य रिश्तेदारों के साथ राजापुर पहुंची और मृतका की शिनाख्त अपनी मां किरन (45) के रूप में की। उसने बताया कि उसके पिता कृष्ण कुमार मूल रूप से राजापुर के निवासी थी। वह लेखपाल थे और उनकी 2012 में मृत्यु हो जाने पर मां को 2018 में चकबंदी लेखपाल की नौकरी मिली थी। वर्तमान में कौशांबी की चायल तहसील में तैनात थीं। बताया कि वे लोग कालिंदीपुरम जिला प्रयागराज में रहते हैं।
शनिवार सुबह लगभग नौ बजे वह कालिंदीपुरम से कार्यालय जाने के लिए निकलीं तो वापस घर नहीं पहुंची। वे लोग मामा सत्येंद्र पांडेय निवासी छपरा (बिहार) की मदद से खोजबीन कर रहे थे कि प्रभारी निरीक्षक थाना राजापुर के मोबाइल से उनको शव मिलने की जानकारी हुई थी। दीपांक्षी के साथ उसका भाई शौर्यजीत रुपौलिहा व बड़ी मां प्रतिमा रुपौलिहा पत्नी नानबाबू रुपौलिहा तथा कुछ पड़ोसियों भी थाने पहुंचे थे। महिला की शिनाख्त के बाद सभी बिलख पड़े।
पिपरी थाने से होगी आगे की विवेचना
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतका के परिजनों ने पिपरी थाने में गुमशुदगी रविवार को दर्ज कराई गई थी और मृतका की पुत्री सहित अन्य परिजनों ने शिनाख्त की है। उसी गुमशुदगी रिपोर्ट के आधार पर वहीं से मामले की विवेचना की जाएगी और मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
