अयोध्या: 12 जनवरी को लखनऊ में धरना देंगे अयोध्या के शिक्षामित्र
अमृत विचार, अयोध्या। अपनी मांगों के समर्थन में जनपद के शिक्षामित्र 12 जनवरी को लखनऊ के ईको गार्डेन में 'स्वाभिमान बचाओ' रैली निकालेंगे। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष दुर्गेश मिश्र ने बताया कि विगत 6-7 सालों से न तो शिक्षामित्रों का भविष्य सुनिश्चित हुआ और न ही मानदेय में कोई बढ़ोत्तरी हुई।
शिक्षामित्र योग्यता धारक होने के बावजूद भी आज भी महज 10 हजार रुपये में कार्य करने को विवश हैं, जबकि 20 वर्षों बाद यह पहली बार हुआ है कि उनको शीतकालीन अवकाश का भी मानदेय नहीं दिया जाएगा। संगठन के महामंत्री राम दर्शन यादव ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण शिक्षामित्र बे मौत मरने को विवश हैं, जिसकी सरकार को कोई परवाह नहीं है।
संगठन की महिला मोर्चा पदाधिकारी शबनम बानो व साधना सिंह ने कहा कि इन विषम परिस्थितियों में शिक्षामित्रों को अनिवार्य रूप से शिक्षकों के समान समस्त सुविधाएं प्रदान करनी चाहिए। मीडिया प्रभारी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉक और न्याय पंचायत से अधिक से अधिक संख्या में शिक्षामित्र लखनऊ जाएंगे।
यह भी पढ़ें:- अयोध्या: दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किसानों को किया गया जागरूक
