बहराइच : छापेमारी में छह क्विंटल लहन और शराब बरामद
शहर से सटे गांव में आबकारी विभाग की कार्रवाई
बहराइच। आबकारी विभाग की टीम ने शहर से सटे गांव में मंगलवार को छापेमारी की। पुलिस ने मौके से छह क्विंटल लहन और 30 लीटर कच्ची शराब बरामद की है जिसे नष्ट करा दिया है। अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर से सटे तमाचपुर और निबुआरी में नदी के किनारे अवैध शराब निर्माण की जानकारी जिला आबकारी अधिकारी सुधांशु सिंह को मिली। डीएम और एसपी के निर्देश पर आबकारी अधिकारी ने संयुक्त टीम गठित कर मौके पर छापेमारी करवाई तो अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ। नदी के किनारे मिट्टी के नीचे लहन से भरे हुए डिब्बों में लगभग 6 सौ लीटर लहन खोदकर निकाला गया और नदी के शराब बनाने के ड्रम, चूल्हा रखा गया था जिसे आबकारी टीम द्वारा निकाला गया। मौके पर 6 कुंतल लहन बरामद कर नष्ट किया गया एवं 30 लीटर अवैध शराब बरामद की गयी। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त व्यक्ति मौके से फरार हो गये।
आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। समस्त आबकारी निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर अवैध शराब के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाय। संयुक्त टीम में आबकारी निरीक्षक सुनील कुमार, विवेक सिंह चौहान, आदित्य कुमार, अवधेश कुमार मिश्र एवं प्रधान आबकरी सिपाही वंशराज, अमित कुमार, संजय कुमार, हसीन खां, वाहन चालक जावेद हुसैन आदि शामिल रहे।
ये भी पढ़ें : बहराइच : 20 दिन बाद भी नहीं लगाया गया ट्रांसफार्मर
