भारतीय मूल के डॉक्टर को न्यूयॉर्क शहर का नया स्वास्थ्य आयुक्त नियुक्त किया गया
न्यूयॉर्क। कोविड -19 महामारी के खिलाफ लड़ाई के अगले चरण का नेतृत्व करने के लिए भारतीय अमेरिकी डॉक्टर देव चोकशी को न्यूयॉर्क शहर का स्वास्थ्य आयुक्त नियुक्त किया गया है। मेयर बिल डी ब्लासियो ने मंगलवार को उनकी नियुक्ति करते हुए कहा कि चोकशी एक ऐसे ‘नेता और विजनरी’ हैं जो महामारी के खिलाफ ‘लड़ने …
न्यूयॉर्क। कोविड -19 महामारी के खिलाफ लड़ाई के अगले चरण का नेतृत्व करने के लिए भारतीय अमेरिकी डॉक्टर देव चोकशी को न्यूयॉर्क शहर का स्वास्थ्य आयुक्त नियुक्त किया गया है।
मेयर बिल डी ब्लासियो ने मंगलवार को उनकी नियुक्ति करते हुए कहा कि चोकशी एक ऐसे ‘नेता और विजनरी’ हैं जो महामारी के खिलाफ ‘लड़ने के लिए’ तैयार हैं। ब्लासियो ने कहा कि चोकशी शुरू से ही महामारी के खिलाफ शहर की लड़ाई में शामिल रहे हैं।
कोविड से 23 हजार से अधिक मौतें और 2.22 लाख से अधिक मामले दर्ज कर चुके इस शहर में अब रोजाना करीब 100 नए मामले ही सामने आ रहे हैं। लेकिन यह शहर नई चुनौतियों का सामना कर रहा है। स्कूलों, व्यवसायों और दफ्तरों को जल्द शुरू करना है, जिससे यहां बड़े पैमाने पर विशेष स्वास्थ्य उपायों की आवश्यकता होगी।
चोकशी शहर के हेल्थ प्लस हॉस्पिटल्स कॉरपोरेशन में मुख्य जनसंख्या स्वास्थ्य अधिकारी थे। वह पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल के समय में व्हाइट हाउस के फेलो भी रहे हैं। उन्होंने पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय से चिकित्सा की डिग्री प्राप्त की और हार्वर्ड मेडिकल स्कूल में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
लुसियाना राज्य में पले-बढ़े चोकशी ने अपने पिता के दशकों पुराने मधुमेह के संघर्ष को याद किया। उन्होंने कहा कि इसी ने उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा, “अवसरों ने ही मेरे पुरखों को गुजरात के छोटे से गांव से मुंबई आने के लिए प्रेरित किया था। इसके बाद मेरे पिता संयुक्त राज्य में रहने वाले परिवार के पहले व्यक्ति बने।” चोकशी ने कहा कि शहर का स्वास्थ्य प्रमुख बनने के बाद भी वे सिटी हास्पिटल में मरीजों को देखना जारी रखेंगे।
