शाहजहांपुर: स्वास्थ्यकर्मियों को मिलेगा 50 लाख की क्षतिपूर्ति का लाभ
शाहजहांपुर, अमृत विचार। कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज में जुटे स्वास्थ्यकर्मी अगर खुद कोरोना संक्रमित हो गए हैं और उनके साथ कोई दुर्घटना हो जाती है, तो उन्हें शासन की ओर से 50 लाख रूपए की क्षतिपूर्ति दी जायेगी। यह राशि न केवल चिकित्सकों को मिलेगी, बल्कि आशा और एंबुलेंस ड्राइवर समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज में जुटे स्वास्थ्यकर्मी अगर खुद कोरोना संक्रमित हो गए हैं और उनके साथ कोई दुर्घटना हो जाती है, तो उन्हें शासन की ओर से 50 लाख रूपए की क्षतिपूर्ति दी जायेगी। यह राशि न केवल चिकित्सकों को मिलेगी, बल्कि आशा और एंबुलेंस ड्राइवर समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को भी प्राप्त होगी। स्वास्थ्यकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के तहत इस योजना को लागू किया गया है।
प्रदेश चिकित्सा विभाग की सचिव बी. हेकाली झिमोमी ने इस संबंध में प्रदेश के सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के तहत सरकारी अस्पतालों व चिकित्सा संस्थानों में कार्यरत वह चिकित्साकर्मी जो कोरोना के रोकथाम व चिकित्सा कार्य से जुड़ें हैं, उन्हें विशेष बीमा योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।
योजना के मुताबिक यदि कोई कर्मी कोरोना संक्रमित होकर किसी भी तरह की दुर्घटना का शिकार होता है, तो उसे 50 लाख की बीमा क्षतिपूर्ति दी जाएगी। बीमा योजना के लाभ के लिए दावा प्रपत्र देना होगा। एसीएमओ डॉ. शैलेंद्र आर्या ने बताया कि इस व्यवस्था से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा। स्वास्थ्य कर्मी कोरोना वायरस से प्रभावित लोगो से सीधे संपर्क में आते हैं, ऐसे में उनको भी संक्रमित होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में विशेष बीमा कवर का यह कदम स्वास्थ्य कर्मियों के परिवार को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करेगा।
इन्हें मिलेगा योजना का लाभ
क्षतिपूति योजना का लाभ निजी व सरकारी अस्पतालों में कार्यरत डॉक्टरों, विश्व स्वास्थ्य संगठन के कर्मियों, यूनिसेफ से जुड़े कर्मचारी, यूपीटीएसयुके सलाहकार व कर्मचारी, सामुदायिक स्वास्थ्य कर्मी जैसे आशा संगिनी व आशा कार्यकर्ता, एम्बुलेंस ड्राईवर व ईएमटी को मिलेगा।
योजना का प्रचार प्रसार करायें जिम्मेदार
सचिव ने क्षतिपूर्ति का लाभ कर्मियों को भी दिए जाने का प्रचार प्रसार करने का निर्देश जिले के डीएम व सीएमओ को दिया है। उन्होंने कहा है की क्षतिपूर्ति को लेकर सारे कर्मियों को जानकारी प्रदान की जाए, ताकि सभी कर्मी उत्साह से कार्य करें।
