वैश्विक बाजारों में तेजी के चलते शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स-निफ्टी चढ़े, रुपया नौ पैसे बढ़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। वैश्विक बाजारों में मजबूती और आईटी शेयरों में लिवाली के बीच सोमवार को प्रमुख शेयर सूचकांकों में तेजी के साथ कारोबार हुआ। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 325.59 अंक चढ़कर 60,586.77 पर पहुंच गया। व्यापक एनएसई निफ्टी 93.05 अंक बढ़कर 18,049.65 पर था। सेंसेक्स में विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, कोटक महिंद्रा बैंक, टेक महिंद्रा और एसबीआई बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। 

विप्रो ने शुक्रवार को कारोबार खत्म होने के बाद दिसंबर तिमाही के नतीजे घोषित किए थे। दूसरी ओर महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, एनटीपीसी, मारुति और टाटा मोटर्स में गिरावट देखने को मिली। अन्य एशियाई बाजारों में सोल, शंघाई और हांगकांग में बढ़त थी, जबकि टोक्यो में गिरावट देखने को मिली। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को हरे निशान में बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.54 प्रतिशत गिरकर 84.82 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। 

शुक्रवार को सेंसेक्स 303.15 अंक या 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 60,261.18 पर बंद हुआ था। इसके साथ ही निफ्टी 98.40 अंक या 0.55 प्रतिशत चढ़कर 17,956.60 पर बंद हुआ। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 2,422.39 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। 

रुपया नौ पैसे बढ़कर 81.29 पर पहुंचा 
डॉलर में कमजोरी और घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले नौ पैसे की तेजी के साथ 81.29 रुपये पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी कोषों के लगातार बाहर जाने से निवेशकों की भावना प्रभावित हुई, जिसने रुपये की बढ़त को रोका। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार रुपया डॉलर के मुकाबले 81.29 पर खुला, जो अपने पिछले बंद भाव से नौ पैसे की वृद्धि दर्शता है। 

रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आठ पैसे की गिरावट के साथ 81.38 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.32 फीसदी गिरकर 101.87 पर आ गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.53 प्रतिशत गिरकर 84.83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 2,422.39 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

ये भी पढ़ें : बीते साल सात बड़े शहरों में 4.02 लाख घर बनकर हुए तैयार, रियल एस्टेट जगत में आई तेजी

संबंधित समाचार