Winter In UP : दिन में धूप निकलने से मिली राहत, रात में तेज हवा ने छुड़ाई कंपकंपी
Winter In UP कानपुर में दिन में ही धूप निकलने से लोगों को मिली राहत।
Winter In UP कानपुर में दिन में ही धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। वहीं, रात में तेज हवा ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। बदलते मौसम में अब तापमान भी बदल रहा।
कानपुर, अमृत विचार। Winter In UP बदलते मौसम में अब तापमान भी बदल रहा है। दिन में तेज धूप से जहां लोगों को राहत मिल रही है तो वहीं रात में पारा अत्यधिक लुढ़कने से गलन भी खूब सता रही है। सोमवार को भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच 16 डिग्री के करीब अंतर रहा। दिन में लोगों को चटख धूप निकलने से राहत थी, तो वहीं रात में पारा दो के करीब पहुंचने से ठंड ने खूब सितम ढहाया।
पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने से तराई इलाकों में गलन बढ़ गई है। सोमवार को भी इस गलन का खूब अहसास हुआ। धूप तेज थी, लेकिन गलन की वजह से लोगों को ठंड का भी खूब अहसास हुआ। धूप में मौजूद रहने तक तो सर्दी से लोग राहत पा रहे थे, लेकिन जैसे ही धूप से वे अलग होते उन्हें ठंड का सामना करना पड़ रहा था।
अधिकतम तापमान धूप निकलने से भले ही 18.4 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन लेकिन ठंडी हवा चलने से लोगों को गलन का भी अहसास हुआ। वहीं जैसे ही दोपहर जानी शुरू हुई और शाम होते होते पारा गिरना शुरू हो गया। देर रात पारा 2.6 डिग्री सेल्सियस पर लुढ़क गया। इससे लोगों को ठंड का सामना करना पड़ा और घर में दुबकने को मजबूर रहना पड़ा।
सर्दी काफी थी, इसलिए घरों के कमरों को रूम हीटर और ब्लोवर से गरम रखा जा रहा था। रात में कई चौराहों पर लोगों ने अलाव जलाए थे तो वहीं बच्चों को रजाई और कंबल में ही रखकर सर्दी से सुरक्षित किया जा गया।
पांच दिनों में कभी भी हो सकती है बारिश
मौसम विभाग ने पांच दिनों में कभी भी बारिश होने की संभावना जताई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि कानपुर में भी कभी भी बारिश हो सकती है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो बादल छाने की भी संभावना है। इससे दिन में धूप नहीं रहेगी और पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली बर्फीली हवाएं ज्यादा सताएंगी।
ठंड और बढ़ सकती है और पारा लुढ़कर दो के करीब पहुंच सकता है। यह ठंड को और बढ़ा देगा, इसलिए जरूरी है कि सर्दी में सेहत के प्रति सावधान रहें। बुजुर्गों व बच्चों को लेकर सचेत रहने की आवश्यकता है।
