कोहरे की चादर में लिपटी रामनगरी... रेंगते दिखे वाहन, दृश्यता 15 से 20 मी. रही
अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी शुक्रवार सुबह घने कोहरे की चादर में लिपटी रही। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक छाए कोहरे के चलते दृश्यता बेहद कम रही। 15 से 20 मीटर के तकरीबन ही रही। सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। तापमान गिरने से ठंड में भी इजाफा हुआ। कोहरा इतना घना था कि मंदिर की भव्य संरचना भी धुंधली नजर आ रही थी।
रामपथ, हाईवे पर भी इसका असर दिखा, सड़कों पर यातायात की रफ्तार थम सी गई। चार पहिया और दो पहिया वाहन फॉग लाइट जलाकर धीरे-धीरे रेंगते दिखे। वहीं करीब नौ बजे के बाद सूर्य देवता ने कोहरे की चादर को भेदा तो धूप खिली।
पुलिस प्रशासन ने चालकों को सलाह दी है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और वाहन चलाते समय हेडलाइट्स का उपयोग करें। हालांकि इससे रेल यातायात पर कोई खास असर नहीं पड़ा, अधिकतर ट्रेनें अपने निर्धारित समय के आसपास पहुंची। रोडवेज बसों का संचालन सिर्फ सुबह बाधित रहा, धूप निकलने के बाद संचालन ढर्रे पर आ गया।
पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में असर
आचार्य नरेंद्र देव कृषि व प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ अमरनाथ मिश्र के अनुसार पहाड़ों पर बर्फ गिरना शुरू हो गई है। इसका असर मैदानी क्षेत्रों में दिखने लगा है। संभावना जताई कि आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंशिक बदली के साथ सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
ये भी पढ़े :
यूपी में कोहरे का कहर... पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड, यलो अलर्ट जारी
सोर्स : अयोध्या कार्यालय
