अयोध्या: पीआरडी भर्ती में महिलाएं भी दिखा रही रुचि
युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल दफ्तर में 700 से अधिक आवेदन बंटे
अमृत विचार, अयोध्या। जनपद के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 105 पीआरडी जवानों की भर्ती होनी है। पीआरडी में भर्ती को लेकर महिलाओं में भी खासा उत्साह दिख रहा है। विकास भवन स्थित जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल कार्यालय में आवेदन लेने के लिए अभ्यर्थियों की लम्बी कतार लग रही है।
ग्रामीण कम्पनी के लिए 25 और शहरी कम्पनी के लिए 80 पीआरडी जवानों की भर्ती होनी है, जिसमें 20 प्रतिशत हिस्सेदारी महिलाओं को भी दी जाएगी। विकास भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित कार्यालय में बुधवार को भी आवेदन लेने के लिए महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों की लम्बी कतार लगी रही। आवेदन प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थियों से प्रार्थना पत्र लिया जा रहा है। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल कार्यालय के एक कर्मचारी ने बताया कि अब तक 700 से अधिक आवेदन पत्रों का वितरण किया जा चुका है। आगामी 26 जनवरी तक यहां आवेदन पत्र जमा किये जा सकते हैं। पीआरडी जवानों का चयन जिलाधिकारी की ओर से गठित चयन समिति के माध्यम से किया जाएगा।
ये भी पढ़ें -सुल्तानपुर: एनपीएस को बताया काला कानून, सौंपा ज्ञापन
