शाहजहांपुर: कोरोना संक्रमण से इंस्पेक्टर सहित तीन की मौत
शाहजहांपुर, विचार। जिले में जहां कोरोना संक्रमण के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वही अब मौत का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है। गुरुवार को अल्हागंज इंस्पेक्टर समेत तीन लोगों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई। इंस्पेक्टर ने लखनऊ में, शहर के मोहल्ला कटिया टोला निवासी महिला ने गाजियाबाद में, जबकि जैतीपुर …
शाहजहांपुर, विचार। जिले में जहां कोरोना संक्रमण के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वही अब मौत का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है। गुरुवार को अल्हागंज इंस्पेक्टर समेत तीन लोगों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई। इंस्पेक्टर ने लखनऊ में, शहर के मोहल्ला कटिया टोला निवासी महिला ने गाजियाबाद में, जबकि जैतीपुर ब्लाक के गांव मरुआझाला की वृद्धा ने मेडिकल कालेज के कोविड अस्पताल में दम तोड़ दिया।
इंस्पेक्टर ने लखनऊ में ली अंतिम सांस
कोरोना संक्रमित अल्हागंज इंस्पेक्टर की बुधवार रात करीब दो बजे लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी कोरोना पाॅजिटिव रिपोर्ट 30 जुलाई को आई थी। उनकी मौत से पुलिस महकमे में गम का माहौल है।
अल्हागंज इंस्पेक्टर मूल रूप से उन्नाव के फत्तेपुर के रहने वाले थे। वह वर्ष 1989 में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। वर्ष 2013 में उन्हें सब इंस्पेक्टर के पद पर प्रमोशन मिला था। वर्ष 2020 में हाल ही में उन्हें इंस्पेक्टर पद पर प्रमोशन मिला था। इसके बाद वह मेरठ ट्रेनिंग गए थे। वहां से 22 जुलाई को वापस आकर ड्यूटी ज्वाइन कर ली थी। सीओ जलालाबाद मंगल सिंह रावत को इंस्पेक्टर ने बुखार होने की शिकायत बताई। इसके बाद 25 जुलाई को रैपिट एंटीजेन टेस्ट किट से टेस्ट कराया था, जिसमें रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद आरटीपीसीआर कराई गई। जिसकी रिपोर्ट 30 जुलाई को आई, उसमें वह कोरोना पाॅजिटिव निकले। इसके बाद वह लखनऊ अस्पताल में भर्ती हो गए। उनका मकान भी लखनऊ में ही है। लखनऊ में इलाज के दौरान उनकी बुधवार रात करीब दो बजे मौत हो गई।
व्यापारी की कोरोना संक्रमित पत्नी की गाजियाबाद में मौत
शहर के मोहल्ला कटिया टोला निवासी एक व्यापारी की पत्नी की कुछ दिन पहले अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिवार के लोगों ने उन्हें गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां हालत में सुधार नहीं होने पर उनका कोरोना टेस्ट कराया गया। पांच दिन पहले उनकी कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आई थी। इसके बाद से परिवार के लोगों की चिंता और बढ़ गई थी। इलाज में फायदा होने के बजाय उनकी हालत और बिगड़ती चली गई। जिससे उनकी इलाज के दौरान के मौत हो गई।
कोरोना संक्रमित वृद्धा ने तोड़ा दम, बेटे ने लगाया लापरवाही का आरोप
जैतीपुर। क्षेत्र के गांव मरूआझाला निवासी वृद्धा की कूल्हे की हड्डी टूट गई थी और वह हार्ट की मरीज भी थीं। उन्हें परिवार वालों ने बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत में सुधार नहीं होने पर जहां उनका प्राइवेट लैब में कोरोना टेस्ट कराया गया तो रिपोर्ट पाॅजिटिव आई। इसके बाद उन्हें 23 जुलाई को यहां मेडिकल काॅलेज के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को उनकी अपने बेटे से बात हुई थी, जिसमें उन्होंने अस्पताल से छुट्टी करा ले जाने की बात कही थी। लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
गुरूवार को सुबह लगभग 11 बजे उनकी मौत हो गई। वहीं बेटे ने डाॅक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जब उनकी मां ने बुधवार को बात की थी, तो उनकी हालत ठीक थी, अचानक से यह सब कैसे हो गया। आरोप लगाया कि ड्यूटी में लगे अस्पताल स्टाफ ने मां के मोबाइल को जार्च नहीं होने दिया और अपने मोबाइल से मात्र कुछ देर को बात कराई। वहीं सीएमएस डाॅ. एयूपी सिंह ने बताया कि वृद्धा की 23 जुलाई को कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आई थी। हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई।
कप्तान से लेकर सिपाही तक ने दी श्रद्धांजलि
अल्हागंज इंस्पेक्टर की कोरोना संक्रमण से मौत पर पुलिस महकमा शोक में है। गुरूवार को एसपी एस आनंद ने एएसपी ग्रामीण अपर्णा गौतम, एएसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सदर कुलदीप सिंह गुनावत के साथ अपने कार्यालय में पुलिस कर्मियों के साथ दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। वहीं जिले के सभी थानों में भी इंस्पेक्टर की मौत पर शोकसभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
