कानपुर कमिश्नरेट लागू होने के बाद भी नहीं थम रही हमले की वारदात, अब पुलिस की कार पर पथराव कर तोड़े शीशे
कानपुर के रावतपुर में शरारती तत्वों ने पुलिस की कार पर किया हमला।
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में शरारती तत्वों ने पुलिस की कार पर ईंट पत्थर से हमला कर शीशे तोड़ दिए। घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना में इनोवा में सवार तीन पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए।
कानपुर, अमृत विचार। सुरक्षा आपकी संकल्प हमारा का संदेश देने वाली पुलिस का हाल बेहाल है। कमिश्नरेट का गठन होने के बाद जनता की छोड़िए उनकी अपनी ही सुरक्षा भगवान भरोसे है। शहर में आए दिन पुलिसकर्मियों के साथ की जा रही मारपीट और अभद्रता के मामले में पुलिस की साख गिरती जा रही है। एक बार फिर से बेखौफ अपराधियों ने डायल 112 पर ईंट पत्थर से हमला कर शीशा तोड़ दिए और फरार हो गए। घटना में इनोवा में सवार तीन पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए।
रावतपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत देर रात सैय्यद नगर में घरेलू विवाद की सूचना पर पुलिस की 112 नंबर इनोवा 0423 जा रही थी। कैलाश नगर पुलिया के पास पता पूछने के लिए इनोवा रुकी ही थी कि तभी शरारती तत्वों ने पीछे से ईंट पत्थर चलाकर पुलिस की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। पत्थर लगने से इनोवा कार का पिछला शीशा चकनाचूर हो गया।
पुलिस गाड़ी पर हमले की सूचना पाकर थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा लेकिन आरोपी का पता नहीं लगा सकी। सीसीटीवी लगे होने के बावजूद पुलिस अभी तक आरोपियों को पकड़ नहीं सकी है। जबकि आरोपी आस पास के मोहल्ले का ही बताया जा रहा है। रावतपुर पुलिस का कहना है कि जिस चौराहे पर हमला हुआ वहां नगर निगम के कैमरे लगे हैं। सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर युवक की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
रविवार देर रात पीआरवी 0423 एक सूचना पर जा रही थी, इसी दौरान रास्ते में पीछे से शरारती तत्वों ने पत्थर फेंककर शीशा तोड़ दिया। थाने में आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी से पहचान कराई जा रही है।- विकास पांडेय, एसीपी कल्याणपुर
