लारेंस विश्नोई गैंग के 3 शूटर गिरफ्तार, राजस्थान में बड़ी वारदात कर आगरा में बनाया था ठिकाना
आगरा, अमृत विचार। यूपी के पड़ोसी राज्य राजस्थान के जयपुर में नामी होटल व्यवसाई अक्षय गुरनानी पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले लारेंस विश्नोई गैंग के शूटर आगरा के जैतपुर इलाके में छिपे हुए थे। राजस्थान पुलिस के इनपुट पर कमिश्नरेट पुलिस ने तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। एक करोड़ रुपये की रंगदारी नहीं देने पर होटल मालिक पर हमला बोला गया था।
आदर्श नगर, फंटियर कालोनी, जयपुर निवासी अक्षय गुरनानी से व्हाटस एप पर काल करके एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रुपये नहीं देने पर लगातार धमकी दी जा रही थीं। 28 जनवरी को अक्षय गुरनानी होटल रेडिसन ब्लू से अपने होटल डेज जा रहे थे। तभी बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। तकरीबन 19 राउंड गोलियां चलाई थी। उनके होटल को भी निशाना बनाया गया। वह बच गए थे। इस संबंध में थाना जवाहर सर्किल में मुकदमा दर्ज किया गया।
राजस्थान पुलिस को जानकारी मिली थी कि गैंग के शूटर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिपे हुए हैं। उनकी लोकेशन आगरा की आ रही थी। इस पर आगरा कमिश्नरेट पुलिस की मदद ली गई। इस मामले में थाना जैतपुर पुलिस और स्वाट टीम को लगाया गया। इसके बाद तीन शूटरों को जैतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें -गर्व से कहो-हम शूद्र हैं... लखनऊ में SP ऑफिस पर लगा पोस्टर
