ऐतिहासिक इमारतों को चिन्हित करने रामपुर आएगी सांस्कृतिक एवं पर्यटन विभाग की टीम, स्टेट हाईकोर्ट बनेगा हेरिटेज होटल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर की सौ साल पुरानी इमारतों को धरोहर के रूप में सहेजने की होगी पहल, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव से मिले शहर विधायक आकाश सक्सेना

रामपुर में रियासत कालीन हाईकोर्ट जिसे हेरिटेज होटल बनाने की तैयारी है।

रामपुर, अमृत विचार। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने बताया कि रजा लाइब्रेरी समेत शहर की सौ साल से अधिक पुरानी इमारतों को हेरिटेज इमारत (धरोहर) घोषित किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने सांस्कृतिक एवं पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव से मुलाकात की। जिसके बाद प्रमुख सचिव ने विभाग के डायरेक्टर को रामपुर आकर जायजा लेने और सौ साल से अधिक पुराने भवनों को चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं।

विश्व प्रसिद्ध रजा लाइब्रेरी को विश्व पटल पर चमकाने के लिए शहर विधायक आकाश सक्सेना के प्रयास जारी हैं। गुरुवार को उन्होंने लखनऊ में सांस्कृतिक एवं पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि रामपुर 250 वर्ष पुरानी सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजते हुए आधुनिक शहर के रूप में विकसित हो रहा है। यहां की प्राचीन इमारतों में ऐसी वास्तुकला का प्रयोग किया गया है, जो अपने आप में अदभुत है। लेकिन, इन इमारतों की देखरेख के अभाव में ये इमारतें काफी खराब स्थिति में पहुंच गई हैं।

पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट हुई थी, जिसमें रजा लाइब्रेरी के इतिहास, यहां मौजूद ऐतिहासिक पांडुलिपियों समेत 600 दुर्लभ पांडुलिपियों के बारे में जानकारी दी थी। जिसके बाद प्रधानमंत्री ने रजा लाइब्रेरी को संवारने का भरोसा दिया था। प्रधानमंत्री के कहने पर केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की संयुक्त सचिव मुग्धा सिन्हा रामपुर आईं थीं और उन्होंने रजा लाइब्रेरी और किला परिसर में बनीं अन्य इमारतों का जायजा लिया था। जिसके बारे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी जानकारी दी गई थी।

ऐसे में विभागीय स्तर पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप रामपुर की ऐतिहासिक धरोहरों को सजोने और रजा लाइब्रेरी को विश्व पटल पर चमकाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। प्रमुख सचिव ने विभाग की डायरेक्टर रेनू द्विवेदी को टीम गठित कर रामपुर को पर्यटन नगरी घोषित करने की दिशा में तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए। विधायक आकाश सक्सेना ने बताया कि रामपुर में ऐसी सभी इमारतों को हेरिटेज बिल्डिंग घोषित कराने की कवायद है, जो सौ वर्ष पुरानी हों। जल्द ही सांस्कृतिक एवं पर्यटन विभाग की टीम रामपुर आएगी। 

नवाबी दौर का स्टेट हाईकोर्ट बनेगा हेरिटेज होटल
रियासत काल के हाईकोर्ट को हेरिटेज होटल में बदलने की तैयारी है। विधायक आकाश सक्सेना ने बताया कि रामपुर में कई ऐसी इमारतें हैं, जो ऐतिहासिक वास्तुकला की पहचान हैं। लिहाजा, सिर्फ इन इमारतों को संवार लिया जाए, तो रामपुर आसानी से पर्यटन केंद्र बन जाएगा। उन्होंने बताया कि नवाबी दौर में जिस इमारत में स्टेट हाइकोर्ट चलता था, उसे हेरिटेज होटल बनाया जा सकता है। इस संबंध में भी प्रमुख सचिव से बातचीत हुई है।

1930 में हुई थी रामपुर रियासत में हाईकोर्ट की स्थापना
 रामपुर के आखिरी शासक नवाब रजा अली खां ने रामपुर हाईकोर्ट की 13 अगस्त 1930 को स्थापना की थी। वो खुद इज्लास-ए-हुमायूं यानी अपील की आखिरी अदालत की समिति के मुखिया थे। दो मार्च 1931 को हाइकोर्ट बिल्डिंग का उद्घाटन हुआ था। यह आलीशान इमारत रामपुर रजा लाइब्रेरी के करीब है, जिसे आज पुरानी तहसील कहा जाता है।

ये भी पढ़ें :  रामपुर: कोर्ट रिक्त होने के कारण  दो जन्म प्रमाण-पत्र मामले सुनवाई टली 

संबंधित समाचार