कानपुरवासियों के लिए अच्छी खबर, पुलिस कमिश्नर ने किया नागरिक सेवा हेल्प डेस्क का शुभारंभ, लोगों को मिलेगी ये सुविधाएं
कानपुर में पुलिस कमिश्नर ने नागरिक सेवा हेल्प डेस्क का किया शुभारंभ।
कानपुर में पुलिस कमिश्नर ने नागरिक सेवा हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया। अब लोगों को एक ही छत के नीचे सुविधाएं मिलेगी। एक-एक काम के लिये किसी को दफ्तरों में भटकना नहीं पड़ेगा।
कानपुर, अमृत विचार। कमिश्नरेट के फरियादियों को अब न्याय या कोई भी जानकारी करने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। एक छत के नीचे यह सारी सुविधाएं पुलिस मुहैया कराएगी। इसको लेकर पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने गुरुवार को नागरिक सेवा हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया है। इसके साथ ही लोगों के लिए सीयूजी नंबर भी जारी कर दिया है।
शस्त्र लाइसेंस, पासपोर्ट या फिर चरित्र सत्यापन का हो अब आपको एक काम के लिये अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेगे। सारे काम एक ही छत के नीचे आसानी से और तय समयावधि में होंगे। पुलिस आफिस में खोले गए हेल्प डेस्क इस नए केंद्र में शहर वासी अपने सभी काम करवा सकेंगे। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर स्थापित हुई नागरिक सेवा हेल्प डेस्क में हर काम के लिए समय और जवाबदेही भी तय की गई है। जिसकी पुलिस के आलाधिकारियों द्वारा प्रापर मानीटरिंग भी की जाएगी।
सिटीजन चार्टर को बेहतर ढंग से क्रियान्वित करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर द्वारा इसके लिए अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय-अपराध आनन्द कुलकर्णी को नागरिक सेवा सुधार के लिए निर्देशित किया था। वहीं पुलिस उपायुक्त मुख्यालय रवीना त्यागी ने बताया कि यहां पर काम न होने पर आम आदमी अपनी शिकायत उच्च अधिकारियों से भी कर सकता है। जिसके लिए प्रथम, द्वितीय अपीलीय अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं और इस पूरी व्यवस्था पर अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध की निगरानी रहेगी।
नागरिक सेवा हेल्प डेस्क में यह मिलेगी सेवाएं
शस्त्र लाइसेंस आवेदन की जांच, पासपोर्ट सत्यापन, चरित्र सत्यापन, शिकायत प्रार्थना पत्र, अप्राकृतिक मृत्यु, दैवीय आपदा में मृत्यु, न्यायालय से प्राप्त तमीला, शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण, पोस्टमाटम रिपोर्ट, चालान 34 पुलिस एक्ट, अग्निशमन द्वारा एनओसी, सार्वजनिक कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में, प्राइवेट सुरक्षा अभिकरण, पटाखों के लाइसेंस के लिए अनापत्ति।
यह अधिकारी रखेंगे नजर
सेवाओं पर नजर रखने वाले प्रथम अपीलीय अधिकारी अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, द्वितीय अपीलीय अधिकारी पुलिस उपायुक्त, पुनरीक्षण अधिकारी अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय रहेंगे।
वन स्टॉप सेंटर की तरह करेगी काम
नागरिक सेवा हेल्प डेस्क के लिए सीयूजी नंबर जारी किया जा रहा है, जो कि वन स्टॉप सेंटर की तर्ज पर काम करेगा। वह सीयूजी नंबर 7839863489 है। इस नंबर पर आप अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं या सेवा संबंधी जानकारी हासिल कर सकते हैं। तय समय पर कार्य न होने पर आप इस नंबर पर फोन कर सकते हैं।
पुलिस कर्मियों की समस्याओं की भी सुनवाई नागरिक सेवा हेल्प डेस्क में सिर्फ आम शहरवासियों की ही नहीं बल्कि पुलिसकर्मियों की भी समस्याओं का भी निराकरण किया जाएगा। फिर चाहे वह वेतन विसंगति, चिकित्सा अवकाश, जीवन रक्षक निधि, पेंशन प्रकरण, मृतक आश्रितों के भुगतान आदि कोई भी समस्या हो इस प्रकार की हर समस्या की भी सुनवाई नागरिक सेवा हेल्प डेस्क में की जाएगी।
यूपी काप एप सेवाएं
नागरिक शिकायत, चरित्र प्रमाण पत्र, कर्मचारी सत्यापन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विरोध, हड़ताल, किराएदार सत्यापन, घरेलू सहायता सत्यापन, जुलूस सहायता सत्यापन, जुलूस अनुरोध, फिल्म शूटिंग, कार्यक्रम प्रदर्शन निवेदना।
