Hamirpur News : लीक सिलिंडर से लगी आग, महिला समेत कई झुलसे, खाना बनाने के दौरान हुई घटना
Hamirpur News हमीरपुर में लीक सिलिंडर से कई झुलसे।
Hamirpur News हमीरपुर के राठ में खाना बनाने के दौरान लीक सिलिंडर से आग लग गई। आग लगने से महिला समेत कई झुलस गए। वृद्धा की मौत पर शुद्धता के लिए खाना बनाने के दौरान घटना हुई।
हमीरपुर, अमृत विचार। राठ में आंगन में खाना बनाने के दौरान सिलिंडर लीक होने से घर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में मौजूद चार महिलाओं समेत 12 लोग झुलस गए। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से झुलसे लोगों को सीएचसी ले जाया गया। चार की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।
कस्बे के मुगलपुरा मोहल्ला निवासी सेवानिवृत अमीन स्व.परमलाल साहू की पत्नी किशोरी देवी (75) का गुरुवार को निधन हो गया था। शुक्रवार को उनके पुत्रों को अस्थि विसर्जन के लिए प्रयागराज जाना था। शाम को घर में शुद्धता करने की तैयारी चल रही थी। करीब चार बजे खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलिंडर में लगी भट्ठी का नोजल लगाने के दौरान रेगुलेटर की पिन टूटकर सिलिंडर में फंस गई। जिससे तेजी के साथ गैस बाहर निकलने लगी जो पूरे आंगन में फैल गई।
इसी बीच आंगन से सटे कमरे में जल रहे दीपक की लौ ने आग पकड़ ली। पल भर में ही आग पूरे आंगन में फैल गई। आंगन में मौजूद स्व.परम लाल साहू के पुत्र रोडवेज में चालक श्याम बिहारी (55), प्रकाश चंद्र कोटेदार (50), जगत नारायन (55), आनंद (61), बहू फूला देवी (50) पत्नी अनंतराम, नाती ओमकार (11) पुत्र मनोज, आयुष (15) पुत्र अखिलेश, राजदीप (20) पुत्र श्याम बिहारी, बहू प्रीति (38) पत्नी मनोज, उमादेवी (45) पत्नी श्याम बिहारी, उर्मिला (45) पत्नी प्रकाशचंद्र, वीरेंद्र (30) पुत्र श्रीचंद्र आग से झुलस गए। घर में आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया।
घर के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। मौजूद लोगों ने आग बुझाने के साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। साथ ही झुलसे लोगों को बाहर निकालने की कवायद शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। झुलसे सभी सदस्यों को आनन-फानन में सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीएचसी के अधीक्षक डॉ.अखिलेश कुमार ने बताया कि प्रकाशचंद्र, ओमकार, फूला देवी, आयुष की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।
