सुलतानपुर : फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 2016 में हुई थी शादी, दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप 

अमृत विचार, सुलतानपुर। धनपतगंज थाना क्षेत्र के चंदौर में शनिवार को एक विवाहिता का शव फंदे से झूलता मिला। मायके वालों ने दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। सूचना पर एसपी सोमेन बर्मा व नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। 

मृतका के भाई लंभुआ कोतवाली अंतर्गत मठा गांव निवासी आकाश दुबे ने बताया कि साल 2016 में 12 फरवरी को उसने बहन शिवानी उर्फ बबली (26) का विवाह धनपतगंज के चंदौर निवासी नीरज तिवारी के साथ हिंदू रीति रिवाज से किया था। आकाश ने बताया कि हैसियत के अनुरूप दान दहेज भी दिया गया था।

लेकिन बहन की विदाई के बाद से पति नीरज, सास तारावती, ससुर अमरनाथ, देवर रितेश उसे दहेज के लिये प्रताड़ित कर थे। इन लोगों ने उसे कई बार मारा पीटा। जिसकी उसने मां से शिकायत की थी। आकाश ने बताया कि बहन के दो बच्चे हैं। एक पांच साल की लड़की और एक तीन साल का लड़का। इस बीच शनिवार सुबह सुसराल वालों ने मेरी बहन को फांसी लगाकर मौत के घाट उतार दिया। बहन के गले पर रस्सी की रगड़ का निशान मिला है।

उधर, घटना की सूचना पर एसपी सोमेन बर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मायके वालों ने दहेज के लिये हत्या का आरोप लगाया है। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शेष अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

वर्जन 

मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज गया है। मायके वालों की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है। 
- श्रीराम पांडेय, प्रभारी निरीक्षक धनपतगंज 

यह भी पढ़ें : लखनऊ : मेरे पास समय नहीं है...पठान फिल्म देखने के सवाल पर बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

संबंधित समाचार