भाजपा सरकार में अन्याय चरम पर,बेईमानी से जीती एमएलसी चुनाव : अखिलेश

भाजपा सरकार में अन्याय चरम पर,बेईमानी से जीती एमएलसी चुनाव : अखिलेश

प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव।

मुरादाबाद, अमृत विचार। पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, अन्याय चरम पर है। कन्नौज हत्याकांड में वहां का प्रशासन भाजपा पदाधिकारी बनकर काम कर रहा है। रामपुर में अधिकारियों ने ही उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के लोगों को वोट नहीं डालने दिया। भाजपा ने एमएलसी चुनाव में भी सभी सीटें बेईमानी से जीती हैं। प्रदेश में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे लादे जा रहे हैं। इस तरह की कार्रवाई लोकतंत्र के लिए खतरा है।

शनिवार को अखिलेश यादव एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने रामपुर रोड स्थित एक होटल में पहुंचे थे। उनके साथ आजम खां भी मौजूद थे। पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश ने आजम खां की ओर इशारा करते हुए कहा कि रामपुर में आजम खां पर कितने झूठे मुकदमे लगाए गए हैं। उन्हें कितना परेशान किया गया, इतनी तकलीफ और इस तरह का अन्याय किसी भी राजनीतिक परिवार के साथ नहीं हुआ होगा, जितना आजम खां के साथ हुआ है। प्रदेश में सरकार का अन्याय लगातार बढ़ता जा रहा है।

 इस वक्त अन्याय चरम सीमा पर है। उन्होंने कहा कि कन्नौज में हत्या हुई तो मैंने जिले के अधिकारियों से कहा कि इस हत्या के दोषी आप हैं। क्योंकि प्रशासन सही समय पर न्याय दे तो घटनाएं नहीं होंगी। अखिलेश ने कहा प्रदेश का पूरा प्रशासन भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। कई जिलों में तो अधिकारी भाजपा के पदाधिकारी बनकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झांसी में दीपक यादव को झूठा फंसाया गया। रमाकांत यादव के खिलाफ झूठी कार्रवाई की गई। 

कितने नाम लूं, कितने उदाहरण दूं, निर्दोष सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं पर पुलिस की झूठी कार्रवाई के। भाजपा ने यह जो परंपरा चलाई है, वह लोकतंत्र के लिए खतरा है। आप राजनीतिक विरोधियों पर झूठे मुकदमे लगाएंगे, तो इससे लोकतंत्र कमजोर होगा। सपा मुखिया ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह जब मैं लखनऊ से मुरादाबाद आ रहा था तो सुबह एक परिवार मेरे घर आया। मेरी पार्टी के एक पूर्व प्रत्याशी को पुलिस ने बेवजह उठा लिया है। मैं तब से उस जिले के कप्तान को फोन मिला रहा हूं। लखनऊ से चलकर मुरादाबाद तक आ गया, लेकिन कप्तान का फोन नहीं उठा। जहां इस तरह का प्रशासन हो तो वह न्याय कैसे मिलेगा?

...और आजम ने काट दी अखिलेश की बात
मुरादाबाद। लोकसभा के उप चुनाव में सपा के प्रदर्शन के सवाल पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का तर्क आजम खान ने कट दिया। पत्रकारों से बातचीत में मैनपुरी में कार्यकर्ताओं की मेहनत और रामपुर के हाल पर अपनी बात रख रहे थे। अखिलेश ने तर्क दिया कि मैनपुरी में सपा कार्यकर्ता प्रशासन से डरे नहीं, इसलिए प्रशासन की एक नहीं चल पाई, जबकि रामपुर में ऐसा नहीं हो पाया। 

 यह बात सुनते ही आजम बीच में बोल पड़े कि ऐसा हमने नहीं होने दिया। नहीं तो रामपुर में पुलिस गोली चला देती। आजम बोले, हमने मरने से बचाया है लोगों को। हमें मालूम था मारे जाएंगे लोग। इसके बाद अखिलेश चुप हो गए। आजम के बोलने के बाद अखिलेश यादव कुछ पल के लिए असहज हो गए। वह मैनपुरी की नजीर देकर रामपुर के लोगों को निडर होकर वोट डालने की बात कह रहे थे।
  
सपाध्यक्ष बोले, लोकसभा उप चुनाव में मैनपुरी के लोगों ने तय कर लिया था कि चाहे जान भी चली जाए, लेकिन वे वोट डालने जरूर जाएंगे। यदि इसी तरह रामपुर के लोग भी तय कर लें तो यहां का परिणाम भी कुछ और होगा।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : अखिलेश बोले- आम जनता का पैसा डूबा, सरकार कहती है 'हम निवेश लाएंगे'