रायबरेली: पेड़ों की कटान के विवाद में युवक की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सतांव (रायबरेली)अमृत विचार। कृषि वानिकी सहकारी समिति द्वारा लगाए गए करोड़ों रुपए कीमत के पेड़ों की कटाई और उसकी धनराशि के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया जिसमें एक युवक को पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। जिसकी लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई है ।पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करके एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला गुरबक्श गंज थाना क्षेत्र के गांव मलिक मऊ चौबारा स्थित कृषि वानिकी सहकारी समिति का है ।सहकारी समिति द्वारा करीब दो दशक पहले किसानों की जमीन को लीज पर लेकर उसमें पेड़ लगवाए थे ।लीज की अवधि खत्म होने के बाद अब पेड़ों की कटान हो रही है ।इस कटान में आसपास के क्षेत्र के कई लोग लगे हुए हैं। जिसमें हरचंदपुर थाना क्षेत्र के सोहाई बाग निवासी अभय प्रताप सिंह (32 वर्ष) पुत्र अजय प्रताप सिंह भी लगे हुए थे। इनके साथ अन्य लोग भी शामिल थे। रविवार को सभी साथियों के बीच रुपयों के बंटवारे का हिसाब होना था। जिसके लिए सभी लोग कृषि वानिकी में एकत्र हुए थे। बातचीत के दौरान आपस में वाद विवाद हो गया और अभय प्रताप सिंह को उनके साथियों ने उन्हें मार पीटकर मरणासन्न कर दिया। उसके बाद उनको घायल अवस्था में जिला चिकित्सालय ले जाया गया ।जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया ।

सोमवार की सुबह ट्रामा सेंटर में उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में मृतक के पिता अजय प्रताप सिंह ने शशांक सिंह ,राजकुमार सिंह  उर्फ धीरेंद्र सिंह निवासी चक सुंडा थाना हरचंदपुर, दीपक सिंह निवासी बड़ापुरा थाना हरचंदपुर और कमलाकांत सिंह उर्फ मोनू सिंह निवासी मलिक मऊ चौबारा थाना गुरबक्श गंज को नामजद किया है। पुलिस ने शशांक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। थाना अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह ने बताया कि मामले में चार लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जिसमें से एक आरोपित को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है ।जबकि तीन अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

ये भी पढ़ें -रायबरेली: मनोरोगी ने सो रहे वृद्ध को लोहे की रॉड से पीटकर मार डाला

संबंधित समाचार