सरकार डरी हुई है कि 'संसद में अडाणी जी पर चर्चा न हो जाए' : राहुल गांधी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि संसद में अडाणी मुद्दे पर चर्चा नहीं होने देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरसंभव कोशिश करेंगे और देश को जानना चाहिए कि अरबपति उद्योगपति के पीछे कौन सी ताकत है।

राहुल ने यहां संवाददाताओं से कहा, संसद में अडाणी जी पर चर्चा नहीं होने देने के लिए मोदी जी हरसंभव प्रयास करेंगे। इसकी एक वजह है और आप उसे जानते हैं। मैं चाहता हूं कि अडाणी के मसले पर चर्चा होनी चाहिए और सच सामने आना चाहिए। लाखों और करोड़ों का भ्रष्टाचार सामने आना चाहिए। देश को पता चलना चाहिए कि अडाणी के पीछे कौन सी ताकत है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को मीडिया से मुकातिब होते हुए कहा, मैं सरकार के बारे में काफी समय से बोल रहा हूं कि हम दो, हमारे दो। सरकार डरी हुई है कि संसद में अडाणी जी पर चर्चा न हो जाए। सरकार को इस पर चर्चा करानी चाहिए। आप लोग कारण जानते ही हैं कि इस पर चर्चा क्यों न हो। मैं 2-3 साल से यह मुद्दा उठा रहा हूं।

राहुल गांधी ने कहा, हम चाहते हैं कि इस पर चर्चा हो और सब साफ हो। लाखों करोड़ रुपए का भ्रष्टाचार हुआ है। हिंदुस्तान के इन्फ्रास्ट्रक्चर पर जो कब्जा किया गया है उसकी जांच हो और अडाणी जी के पीछे कौन सी शक्ति है वह भी देश को पता चले।

अमेरिका की वित्तीय शोध कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च द्वारा गौतम अडाणी के नेतृत्व वाले समूह पर फर्जी लेनदेन और शेयर की कीमतों में हेरफेर सहित कई गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद समूह के शेयर की कीमतों में भारी गिरावट आई है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए संसद में चर्चा कराने की मांग की है। 

पार्टी ने हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में या किसी संयुक्त संसदीय समिति द्वारा कराए जाने की मांग भी की है। अडाणी प्रकरण पर विपक्षी दल लगातार केंद्र को घेरने का प्रयास कर रहे हैं। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि अडाणी समूह के शेयरों में हालिया गिरावट एक ‘घोटाला’ है जिसमें आम लोगों का पैसा शामिल है क्योंकि सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने उनमें निवेश किया है। वहीं, अडाणी समूह ने कहा है कि वह सभी कानूनों और सूचना प्रकट करने संबंधी आवश्यकताओं का अनुपालन करता है। 

 

ये भी पढ़ें- MCD सदन स्थगन: ‘अदालती निगरानी में’ महापौर चुनाव कराने के लिए कोर्ट जाएगी ‘AAP’ 

संबंधित समाचार