बरेली : रालोद कार्यकार्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर किसानों और गन्ना मूल्य को लेकर रखी ये मांगें 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने मंगलवार को धरना प्रदर्शन किया। रालोद पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान सत्र में 4 महीने गन्ना मिलों को चलते हो गए, लेकिन आज तक गन्ने के लाभकारी मूल्य की घोषणा नहीं हुई। किमान एकलौता ऐसा उत्पादक है जिसको अपने उत्पाद का मूल्य तय करने का भी अधिकार नहीं है। अपने खून पसीने से सींची हुई फसल को मिल मालिकों को देता जाता है, लेकिन उसको यही नहीं पता होता है कि उसकी फसल का कितना पैसा मिलेगा।

राष्ट्रीय लोकदल द्वारा सवा माह से संदेश अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पूरे प्रदेश से 4 लाख से अधिक किसानों ने किसान संदेश अभियान के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गन्ना मूल्य की घोषणा कराए जाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक गन्ना मूल्य की घोषणा नहीं की गई, जिससे गन्ना किसानों में भारी निराशा और असंतोष व्याप्त है। 

रालोद के कार्यकर्ताओं ने मांग की कि सत्र 2022-23 का गन्ने का लाभकारी मूल्य की घोषणा की जाए। आवारा पशुओं से किसानों की फसल बचाने हेतु उचित समाधान किया जाए। बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित भुगतान कराया जाए। ब्रज क्षेत्र में आलू निर्यात केन्द्र की स्थापना की जाए तथा आलू का समुचित मूल्य सरकार निर्धारित करें।

रालोद पदाधिकारियों ने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुई थी वे उत्तर प्रदेश के सभी मंडलों में सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विशाल धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। रालोद कार्यकर्ताओं ने इस बाबत एक ज्ञापन डीएम को सौंपा है।

ये भी पढ़ें- बरेली: 'AAP' ने की मांग, अडाणी की कंपनी की वित्तीय अनियमितता की जांच करे JPC, किया जाए पासपोर्ट जब्त

संबंधित समाचार