बरेली: मेडिकल क्षेत्र के स्टार्टअप में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं
बरेली, अमृत विचार। युवाओं को स्टार्टअप पर ध्यान देना चाहिए। मेडिकल, पैरामेडिकल, फार्मेसी, नर्सिंग क्षेत्र में स्टार्टअप पर रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इसमें प्रदेश सरकार कई पॉलिसी लाई है। इसका लाभ छात्र और युवा उठा सकते हैं। यह बात मथुरा में पंडित दीनदयाल वैटनरी यूनिवर्सिटी के सेवानिवृत कुलपति डॉ. केएमएल पाठक ने कही। वह मंगलवार को बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के तहत उन्मुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
ये भी पढे़ं- बरेली: वेटलैंड पर दिख रहीं विदेशी मेहमानों की अठखेलियां
उन्होंने कहा कि यूपी देश का दूसरा ऐसा प्रदेश है, जहां इंफ्रास्ट्रक्चर और कुशल श्रमिकों की संख्या ज्यादा है। प्रदेश में पांच हवाई अड्डे हैं और दो और बन रहे हैं। सरकार की मंशा है कि उद्यमियों को उद्योग लगाने का माहौल दिया जाए। इस दौरान विद्यार्थियों के द्वारा पूछे हर प्रश्न का जवाब दिया और उनकी जिज्ञासा शांत की। बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डा. केशव कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों व शिक्षकों को यूपी जीआई समिट-2023 के महत्व के बारे में बताया। कहा तीन दिन पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के शिक्षाविदों से मिले। उसमें वह भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश शिक्षा का हब बनने जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा निवेश हुआ है। यह निवेश ही नहीं बल्कि रोजगार देने का जरिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के अनुभव भी साझा किये।
सीडीओ जग प्रवेश ने यूपी जीआई समिट-2023 की पूरी रूपरेखा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन को समझाया। उन्होंने चलचित्र के माध्यम से यूपी में विकास की तस्वीर प्रस्तुत की। कार्यक्रम में लगभग 500 से अधिक छात्रों व शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इससे पहले बरेली इंटरनेशनल युनिवर्सिटी की कुलपति डा. लता अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में एडिशनल सेक्रेटरी एपीसी राजेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डा. संध्या रानी शाक्य, सूचना अधिकारी वाईपी सिंह, आरएमसीएच के प्रिंसिपल डा. दिग्विजय सिंह ने कार्यक्रम की उपयोगिता के बारे में बताया। बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डा. एसके ठाकुर ने आभार जताया। प्रशासनिक अधिकारी तसलीम खान व विपिन ने सक्रिय भूमिका निभाई। संचालन आकांक्षा ने किया।
ये भी पढे़ं- बरेली: सात दिन बाद होनी है परीक्षा...परीक्षा केंद्रों का पता नहीं
