पं. दीनदयाल के बताये मार्ग से विश्वगुरू बनेगा भारत : प्रो.आशुतोष
अमृत विचार,अयोध्या। डा. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जीवन एवं व्यक्तित्व विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
अध्यक्षता करते हुए पं. दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ के समन्वयक तथा कला एवं मानविकी संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. आशुतोष सिन्हा ने बताया कि पंडित दीनदयाल एक उत्कृष्ट विचारक, श्रेष्ठ संगठनकर्ता एवं एक असाधारण व्यक्तित्व के स्वामी थे।
उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति एवं भारतीय संस्कृति एवं दर्शन के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने बताया कि भारत को विश्वगुरु के रूप में पुर्नस्थापित होना है तो पंडित दीनदयाल के बताए मार्ग पर चलने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। मुख्य वक्ता पूर्व विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. आरके तिवारी ने पंडित दीनदयाल की वर्तमान में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
प्रो. विनोद कुमार श्रीवास्तव और प्रो. शैलेन्द्र कुमार ने छात्रों को बताया कि पंडित दीनदयाल के सुझाए मार्ग पर चलकर देश आत्मनिर्भर बन सकता है। नगर प्रचारक दिव्यांश ने मां भारती की सेवा के लिए मनोयोग से तत्पर रहने का आह्वान किया। डॉ. सरिता सिंह, डा. अलका श्रीवास्तव, शोध छात्र विशाल त्रिपाठी, रामलखन सिंह व रविशंकर ने सम्बोधित किया।
यह भी पढ़ें : UP Board परीक्षा से पहले माध्यमिक शिक्षा विभाग में हुए तबादले, कई जिलों को मिले नए डीआईओएस, देखें लिस्ट
