Chitrakoot News : Abbas Ansari को फरार करने की साजिश में थी निकहत, FIR में कई गंभीर आरोप
चित्रकूट में अब्बास अंसारी को फरार कराने में पत्नी निकहत थी।
चित्रकूट में विधायक अब्बास अंसारी को फरार कराने में उनकी पत्नी निकहत थी। एफआईआर में उन पर गंभीर आरोप लगे। उन्हें 16 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
चित्रकूट, अमृत विचार। विधायक अब्बास अंसारी की पत्नी निखत उर्फ निकहत बानो जेल से पति को फरार करने की साजिश में लगी थी कि इससे पहले इसका भांडा फूट गया। चर्चा यह भी है कि निखत जिला मुख्यालय में ही किराये का कमरा लेकर रह रही थी और इस पूरे प्रकरण में कुछ लोगों की मिलीभगत भी है। अपुष्ट जानकारी के अनुसार, एक पार्टी के नेता का नाम भी इस मामले में सामने आ रहा है।
जेल अधिकारियों को निखत देती थी उपहार
इस संबंध में चौकी प्रभारी रगौली श्याम देव सिंह ने जो रिपोर्ट दर्ज कराई है, उसमें बताया है कि निखत जेल में पति अब्बास से मिलवाने के एवज में उपहार, पैसा और प्रलोभन देती थी। चौकी प्रभारी ने बताया है कि उनको मुखबिर से पता चला कि बांदा जेल में निरुद्ध मुख्तार अंसारी का पुत्र विधायक अब्बास अंसारी से मिलने पत्नी निखत बानो कई दिन से रोजाना लगभग 11 बजे दिन में मिलने आती है और तीनचार घंटे बिताकर वापस चली जाती है। चौकी प्रभारी ने रिपोर्ट में यह भी बताया कि निखत को मिलने में कोई रोकटोक नहीं है।
चौकी प्रभारी ने बताया कि अब्बास जेल में रहकर पत्नी के मोबाइल से गवाहों और अधिकारियों को धमकाता था और उसके गुर्गे लोगों से पैसा वसूलते थे। अब्बास की पत्नी अब्बास को सुविधाएं मुहैया कराने के लिए जेल के अधिकारियों को उपहार देती थी। उसको मुखबिर ने बताया था कि जेल अधिकारियों और कर्मचारियों की मदद से निखत अब्बास को जेल से भगाने की साजिश रच रही है और जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी घटना घट जाएगी। उसने इस संबंध में उच्चाधिकारियों को सूचना दी थी। गौरतलब है कि इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सादे वस्त्रों में प्राइवेट वाहन से पहुंचकर जेल में छापेमारी की थी। उधर, पुलिस ने निखत और चालक नियाज का जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया और फिर कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद उसे पुलिस हिरासत में जेल भेज दिया गया।
16 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में गई निखत
जेल से पति को भगाने की आरोपी निखत और उसके चालक नियाज का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को कोर्ट ने पांच दिन की पुलिस अभिरक्षा में जेल भेज दिया। इस दौरान कोर्ट परिसर में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था रही।
बच्चे को मां से अलग न करने की दी दलील
जानकारी के मुताबिक एक अन्य वाहन में निखत के परिजन भी मौजूद रहे। निखत और अब्बास का लगभग एक साल का बच्चा है। कोर्ट में निखत के अधिवक्ता ने इस दौरान शासन-प्रशासन पर अंसारी परिवार को परेशान करने का भी आरोप लगाया और छोटे बच्चे को मां से अलग न करने की दलील देकर जमानत की मांग की।
