कल से चार दिन बंद रहेंगी तीन सौ इकाईयां, Mahashivratri के चलते गंगा को दूषित होने से बचाने के लिए शासन ने दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में महाशिवरात्रि के चलते तीन सौ इकाईयां बंद रहेगी।

कानपुर में महाशिवरात्रि पर्व के चलते गंगा को दूषित होने से बचाने के लिए शासन ने निर्देश दिए की बुधवार को चार दिन तक तीन सौ इकाईयां बंद रहेगी। प्रशासन की टीमें निगरानी करेंगी।

कानपुर, अमृत विचार। बुधवार से एक बार फिर चार दिन के लिए टेनरियों सहित करीब तीन सौ इकाईयों को बंद कर दिया जाएगा। इन फैक्ट्रियों में किसी भी प्रकार का काम करने पर प्रतिबंध रहेगा। इनमें वे इकाई शामिल हैं, जिनसे निकलने वाला दूषित पानी गंगा जल में मिल जाता है। ये इकाईयां यदि चालू पाई जाती हैं तो बिजली कनेक्शन काटते हुए उन्हें सील करने तक के निर्देश हैं। इसको लेकर प्रशासन की टीमें निगरानी करेंगी।

माघ मेले के चलते जनवरी के पहले सप्ताह से ही रोस्टर तैयार कर दिया जाता है। प्रयागराज में माघ मेला लगता है और इन पर्वों में गंगा स्नान, आचमन आदि कई परंपराओं को सनातनी निभाते हैं। ऐसे में गंगा के जल में दूषित पानी प्रवेश न करे, इसलिए सरकार द्वारा विशेष निर्देश दिए जाते हैं। माघ मेले में जिन चार-चार दिनों में इकाईयों को बंद करने के निर्देश थी, 18 फरवरी के बाद वह रोस्टर पूरा हो जाएगा।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अमित मिश्रा ने बताया कि 18 फरवरी को महाशिवरात्रि है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार कानपुर से गंगा जल को प्रयागराज पहुंचने में चार दिन लगते हैं। इस वजह से पर्व से चार दिन पहले ही टेनरियों व संबंधित इकाईयों को बंद कर दिया जाता है। जिले में करीब ढाई सौ टेनरियों सहित तीन सौ इकाईयां शामिल हैं। इसमें जाजमऊ में सबसे ज्यादा हैं।

टेनरियों, कपड़े व अन्य वस्तुओं से जुड़ी इंडस्ट्री के दूषित पानी को गंगा मे प्रवेश से रोकने के लिए काम बंद रखने के यह सख्त निर्देश शासन से हैं। प्रशासन के नेतृत्व में पुलिस व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम इस पर निगरानी रखती है। इसलिए 15 से 18 फरवरी तक ये सभी कामकाज बंद करने के निर्देश हैं। इस बीच यदि उल्लंघन पाया जाता है तो प्रशासन का ताला लगा दिया जाता है।

संबंधित समाचार