Kanpur Dehat जा रहे नवाबगंज टोल प्लाजा पर कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल, आजादमार्ग चौराहे पर रोके गए सपा विधायक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में विपक्षी नेताओं को कानपुर जाने से रोकने को चला अभियान।

उन्नाव में विपक्षी नेताओं को कानपुर जाने से रोकने का अभियान चला। इसमें नवाबगंज टोल प्लाजा पर कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल तो आजादमार्ग चौराहे पर सपा विधायक रोके गए।

उन्नाव, अमृत विचार। कानपुर देहात में अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई मां बेटी की जल कर मौत के मामले से सूबे की सियासत गर्म हो गयी है। विपक्षी नेता अचानक घटना स्थल का रूख करने लगे। घटना स्थल पर विपक्षी नेताओं के जमघट से कानून व्यवस्था न प्रभावित हो इसके शासन से नेताओं को कानपुर जाने से रोकने के फरमान जारी हुए।

जिसके चलते उन्नाव में पुलिस अधिकारी मंगलवार दोपहर अचानक भारी पुलिस बल के साथ लखनऊ कानपुर हाइवे पर मुस्तैद हो गए। कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल को नवाबगंज टोल प्लाजा पर रोक लिया गया जबकि सपा के विधायकों को अचलगंज थाना क्षेत्र के आजादमार्ग चौराहे के निकट रोक लिया गया। नेताओं ने इसे शासन सत्ता का दुरूपयोग बताते हुए विरोध दर्ज कराया। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी,प्रांतीय अध्यक्ष नकुल दुबे और पार्टी के मीडिया विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दिकी समेत 16 पदाधिकारी मंगलवार को लखनऊ से कानपुर देहात के रूरा क्षेत्र के मडौली गांव के लिये निकले थे। उनके काफिले को नवाबगंज टोल प्लाजा पर रोक लिया गया। पुलिस ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुये कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वापस लौटने को कहा मगर कांग्रेस पदाधिकारियों को कहना था कि वह पीड़ित परिवार को ढाढस बंधाने जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों के समझाने के बावजूद कांग्रेसी कानपुर देहात जाने पर अड़े रहे। कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दिकी ने बताया कि हम लोग सिर्फ पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे मगर पुलिस अधिकारियों ने हमारी नहीं सुनी और हमे गिरफ्तार कर लिया है।

उधर, रायबरेली के ऊंचाहार से सपा विधायक मनोज पांडेय के भी पहुंचने की सूचना पर सदर कोतवाली क्षेत्र के गदनखेड़ा चौराहे पर सीओ सिटी आशुतोष कुमार, सदर कोतवाली राजेश पाठक भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद हो गए। ऐन मौके पर मनोज पांडेय की फार्च्यूनर एक लोडर की ओट लेकर निकल गयी। आनन फानन अधिकारियों ने उनका पीछा शुरू किया साथ अचलगंज थाना क्षेत्र के बदरका चौराहे पर पहले मुस्तैद पुलिस बल को अलर्ट किया।

वहां जाम लगा होने पर मनोज पांडेय को गाड़ी रोकनी पड़ी। वह गाड़ी से उतर कर पैदल ही जाने लगे। जिस पर पीछे से पहुंचे एएसपी शशि शेखर सिंह, सीओ सिटी व सीओ बीघापुर ने उन्हें रोक लिया है। कुछ ही देर में उन्नाव के पूर्व विधायक उदयराज यादव भी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच गये और कानपुर जाने की जिद करने लगे। दोनों ही जगहों पर नेताओं और अधिकारियों के बीच बातचीत चल रही है। बता दें कि कानपुर देहात के मैथा तहसील के मड़ौली गांव में अतिक्रमण हटाने के दौरान जलता छप्पर गिरने से मां बेटी की मौत हो गयी थी। इस सिलसिले में 39 लोगो के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

संबंधित समाचार