बहराइच: लाल रेखा पार की तो लगेगा जुर्माना, SDM और EO ने चलाया अतिक्रमण के खिलाफ अभियान
बहराइच, अमृत विचार। जिले के नानपारा तहसील के पालिका क्षेत्र में एसडीएम अजीत परेश ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। लगभग चार घण्टे के अभियान में 50 से अधिक दुकानदारों का अतिक्रमण हटाया गया और 13 को नोटिस जारी कर हटाने का निर्देश दिया गया। अतिक्रमण हटाने के बाद एक स्थान चिन्हित कर लाल रेखा खींची गई। जिसके बाहर अतिक्रमण करने पर जुर्माना लगाने के साथ कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई है।

नानपारा नगर पालिका कस्बे में अतिक्रमण फैले होने की शिकायत लगातार डीएम को मिल रही थी। डीएम ने शिकायत को संज्ञान में लेकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट पूजा यादव को नगर पालिका टीम के साथ हटवाने का निर्देश दिया। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम को अतिक्रमण हटाने के लिए भेजा। एसडीएम ने ईओ रेनू यादव के साथ नानपारा कस्बा, राजा बाजार, मिहीपुरवा बस स्टैंड समेत अन्य स्थानों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
एसडीएम ने बताया कि लगभग 50 से अधिक दुकानदारों द्वारा फैलाए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। अधिक अतिक्रमण फैलाने वाले 13 दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है कि वह अपना सामान हटा लें। एसडीएम ने बताया कि जहां अतिक्रमण हटवाया गया है। वहा लाल रंग से घेरा बना दिया गया है। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि सीमा न क्रॉस करें। सीमा क्रॉस करने पर जुर्माना के साथ अन्य नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि अभियान चलता रहेगा।
