गोंडा : गेंहू की रखवाली कर रहे युवक की गोली मारकर हत्या
गांव के ही चार लोगों पर हत्या आरोप, छानबीन में जुटी पुलिस
अमृत विचार, गोंडा। नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटरा भोगचंद गांव में मंगलवार की देर शाम गेंहू के खेत की रखवाली करने गए युवक को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाग निकले। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की हत्या की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटरा भोगचंद गांव के मजरे टेढ़ी पुल का रहने वाला ओमप्रकाश यादव (28) अपने भाई राहुल के साथ मंगलवार की शाम को गेंहू के खेत की रखवाली करने गया था। इसी बीच गांव के रहने वाले सालिकराम,चंद्रेश,नन्हे व मुलायम भी मौके पर पहुंच गए। ओमप्रकाश के भाई राहुल यादव के मुताबिक चारों लोग शराब के नशे में थे। आरोपी खेत की रखवाली कर रहे ओमप्रकाश से विवाद करने लगे।
ओमप्रकाश कुछ समझ पाता उससे पहले ही आरोपियों ने उसके सीने से असलहा सटा दिया और उसे गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन दौड़े तो आरोपी भाग निकले। परिजन घायल ओमप्रकाश को लेकर अयोध्या जिला अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर उसके घर पहुंची तो घर में कोहराम मच गया। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू कर दी है। मामले में मृतक के छोटे भाई राहुल ने तहरीर दी है। गांव में भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद है। प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें : सुलतानपुर : डीसीएम की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, दो घायल
