पाकिस्तान में महंगाई की मार, 22 रुपये महंगा हुआ पेट्रोल...अब 272 रुपये में मिलेगा एक लीटर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में लोगों की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। देश की जनता महंगाई की मार से बेहाल है और रोटी-पानी से लेकर दूध-चाय के लिए भी मोहताज है।दरअसल, सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी का फैसला लिया है और नई कीमतें कल 17 फरवरी 2023 से लागू हो जाएंगी। डॉलर के मुकाबले पाकिस्तानी रुपए की कीमत लगातार गिर रही है। इस बीच पेट्रोल के दाम में 22 रुपये से अधिक का इजाफा हुआ है। पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत अब 272 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में बढ़ोत्तरी से देश में महंगाई और बढ़ेगी। पेट्रोल के दाम में बढ़ोतरी के बाद 'मिनी-बजट' से आम लोगों पर महंगाई पर बोझ बढ़ेगा। IMF ने कर्ज देने के लिए सख्त शर्तें रखी हैं, इनमें डीजल और पेट्रोल की कीमत में बढ़ोतरी भी शामिल है। पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार  श्रीलंका की तरह ही लगभग खाली हो चुका है। बीते सप्ताह ये गिरकर तीन अरब डॉलर से भी नीचे पहुंच गया। इसके चलते देश में महंगाई ने कोहराम मचा दिया है। बीते 29 जनवरी को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि की गई थी और पेट्रोल 249.80 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल 262.80 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया था। अब इसमें फिर इजाफा करने का ऐलान किया गया है।

पेट्रोलियम पदार्थ की कीमतें
पाकिस्तान में 22.20 रुपये की वृद्धि के साथ पेट्रोल की कीमत 272 रुपये प्रति लीटर हो गई। हाई-स्पीड डीजल की कीमत 17.20 रुपये की बढ़ोतरी के बाद 280 रुपये प्रति लीटर हो गई है। मिट्टी का तेल 12.90 रुपये की बढ़ोतरी के बाद अब 202.73 रुपये प्रति लीटर पर मिलेगा। वहीं, लाइट डीजल तेल 9.68 रुपये की बढ़ोतरी के बाद 196.68 रुपये प्रति लीटर पर मिलेगा। नई कीमतें आज 16 फरवरी 2023 को रात 12 बजे से लागू कर दी जाएंगी।

खाने-पीने की चीजों के दाम भी पढ़ें

  • आटा 120 रुपये/ किलो 
  • चावल 200 रुपये/ किलो 
  • दूध 210 रुपये/ लीटर 
  • आलू 70 रुपये/ किलो 
  • टमाटर 130 रुपये/ किलो 
  • चिकन 780 रुपये/ किलो

ये भी पढ़ें :  क्या पृथ्वी पहले से ही गर्म हो रही थी, या Global Warming ने दीर्घकालिक शीतलन प्रवृत्ति को उलट दिया?

संबंधित समाचार