बरेली: डिप्टी सीएम के दौरे का डर... चमका नजर आया जिला अस्पताल
बरेली, अमृत विचार। सितंबर में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने बरेली दौरे के दौरान जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान यहां सड़कों पर गड्ढे व जलभराव देख उन्होंने अफसरों की फटकार लगाई थी। रविवार को भले ही डिप्टी सीएम का 300 बेड अस्पताल में कार्यक्रम था, लेकिन जिला अस्पताल के अफसरों की सांसें अटकी रहीं। सुबह ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त करा दी गई। सड़कों पर चूना डाल दिया गया। परिसर में हुए जलभराव को खत्म कर दिया गया। अफसर वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं चाक चौबंद कराते रहे।
जन औषधि केंद्र को भी चेक किया
बीते दिनों कमिश्नर संयुक्ता समद्दार ने 300 बेड अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान वह अचानक अस्पताल के ठीक सामने जन औषधि केंद्र पर पहुंच गई थीं। यहां मानक के विपरित दवाओं का वितरण किया जा रहा था। इसपर केंद्र को सील कर दिया गया था। जिला अस्पताल में इस प्रकार की अनियमितता उजागर न हो, डिप्टी सीएम के आने के डर से एडीएसआईसी डा. मेघ सिंह ने सभी वार्डों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यहां संचालित जन औषधि केंद्र पर उपलब्ध दवाएं भी चेक कीं। हालांकि सभी दवाएं मानक के अनुरूप पाई गईं।
ये भी पढे़ं- बरेली: PRV पर तैनात कॉन्स्टेबल ने खुद को मारी गोली, गंभीर हालत में भर्ती
